इंदौर में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, उड़ान के दौरान आई थी तकनीकी गड़बड़ी
इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 7295 में उड़ान के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान टेकऑफ के आधे घंटे बाद लौटाया गया और सुरक्षित इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। फ्लाइट रद्द कर दी गई और यात्रियों को रिफंड या रीशेड्यूलिंग का विकल्प दिया गया।

इंदौर| इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 7295 मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी के कारण लौट आई। विमान सुबह 6:28 बजे इंदौर एयरपोर्ट से रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान के करीब आधे घंटे बाद इसमें झटका महसूस हुआ, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। पायलट ने सावधानी बरतते हुए विमान को तुरंत इंदौर एयरपोर्ट वापस लाने का फैसला किया और सुबह 7:15 बजे फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
इंडिगो ने बताया कि उड़ान के दौरान पायलट को कॉकपिट में फॉल्स अलार्म यानी गलत तकनीकी संकेत मिले थे, जिसके चलते यह एहतियातन कदम उठाया गया। फ्लाइट में 72 सीटों में से 51 यात्रियों ने यात्रा की थी। उन्हें टिकट रिफंड या रीशेड्यूलिंग के विकल्प दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: विदिशा में डिजिटल अटेंडेंस में घोटाला, शिक्षा विभाग ने 3 फर्जी शिक्षकों को किया बर्खास्त
यात्रियों के अनुसार, उड़ान के कुछ ही देर बाद विमान में तेज झटका महसूस हुआ और फिर पायलट ने घोषणा की कि तकनीकी कारणों से विमान को वापस लाया जा रहा है। यात्रियों को इंदौर में सुरक्षित उतार दिया गया।
यह पहली बार नहीं है जब इंदौर से उड़ान भर रही इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई हो। 15 दिन पहले भी भुवनेश्वर जा रही एक फ्लाइट टेकऑफ से ठीक पहले रनवे से वापस लौट आई थी। वहीं जुलाई 2022 में रायपुर-इंदौर फ्लाइट की लैंडिंग के बाद केबिन में धुआं भरने की घटना भी हो चुकी है।