भाजपा का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री, मुझे किसी से सर्टिफिकेट लेने की आवश्यकता नहीं: गोपाल भार्गव

बीजेपी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री है।

Updated: Aug 16, 2026, 06:33 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की रहली विधानसभा से 9 बार के विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के बयान इन दिनों बीजेपी को असहज कर रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता का एक और बयान चर्चाओं में है। इस बार उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री है और उन्हें किसी से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है।

दरअसल, साल 2023 में गोपाल भार्गव मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। हालांकि, पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री तो नहीं बनाया, बल्कि मंत्रिमंडल में भी जगह नहीं दी। इसके बाद से ही भार्गव की नाराजगी की चर्चाएं सियासी गलियारों में होती रही हैं। अब अपने बयानों के जरिए भार्गव लगातार सत्ता और संगठन को असहज करते नजर आ रहे हैं। उनका ताजा बयान भी इसी कड़ी में देखा जा रहा है।

पूर्व मंत्री भार्गव दो दिनों पहले रहली में वीर दुर्गादास राठौर जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। जहां मंच को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री है। हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री है। भार्गव ने कहा कि यह कोशिश जो भी करते हों, उसकी चिंता नहीं करना। भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने आप को मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री से कम नहीं समझता। देश में लोकतंत्र है। सभी लोग बराबर हैं।

भार्गव ने आगे कहा कि इसलिए किसी से सर्टिफिकेट लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। लोग तो ऐसे भौंकते रहते हैं। हाथी अपनी मस्त चाल चलता है। कुत्ते उसके पीछे लगे रहते हैं। कुत्तों की चिंता नहीं की जाती। 2-4 चीटियां मिलकर गन्ने को नहीं खींच सकती।

दरअसल, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। जिसमें एक व्यक्ति ने पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव की गढ़ाकोटा निवास गणनायक के बाहर सड़क पर लगे निवास बोर्ड पर स्वघोषित मुख्यमंत्री लिखा पंपलेट चिपकाया था। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। कार्यक्रम के दौरान इसी वीडियो के संबंध में एक व्यक्ति ने जिक्र किया तो पूर्व मंत्री भार्गव ने यह बयान दिया है।