उत्तर भारत में पहली फरवरी को होगी बारिश, मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 31 जनवरी से 2 फरवरी तक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हिमालयी क्षेत्रों और उत्तर भारत में भारी बारिश और बर्फबारी होगी।

Updated: Jan 29, 2026, 10:39 AM IST

भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर भारत के मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, शनिवार से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने जा रहा है। जिसका सबसे ज्यादा असर रविवार 1 फरवरी को देखने को मिलेगा। इस दौरान पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम करवट लेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, यह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 31 जनवरी से 2 फरवरी तक सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी हिस्सों और उससे सटे मध्य भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस सिस्टम का असर कई राज्यों में एक साथ देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत, उससे सटे मध्य भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में सोमवार 2 फरवरी तक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। खासतौर पर सुबह और रात के समय दृश्यता कम होने की आशंका है। जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

शुक्रवार को दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ हल्का कोहरा छा सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, शनिवार को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने पहले ही सख्त रुख अपना लिया है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में बुधवार को कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति रहने का अनुमान जताया है। इसके अलावा बीते 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल के अलावा उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आई हैं। विभाग ने बताया कि 30 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम में और ज्यादा बदलाव हो सकता है।

उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बुधवार को मौसम का असर साफ दिखाई दिया। दोनों राज्यों के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई। साथ ही गरज और बिजली चमकने की घटनाएं भी सामने आईं।

वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसमें जम्मू-कश्मीर के कई इलाके भी शामिल है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से आने वाले दिनों में तापमान में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।