भिंड के संस्कार श्रीवास्तव की स्कॉटलैंड में संदिग्ध मौत, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
भिंड के 21 वर्षीय छात्र संस्कार श्रीवास्तव की 7 मार्च को स्कॉटलैंड में संदिग्ध मौत हुई थी। पुलिस ने सुसाइड बताया है लेकिन परिवार ने हत्या का शक जताया है।
स्कॉटलैंड में पढ़ाई कर रहे मध्य प्रदेश के भिंड निवासी 21 वर्षीय छात्र संस्कार श्रीवास्तव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। यूनिवर्सिटी ऑफ स्टर्लिंग में फॉरेंसिक साइंस में एमएससी कर रहे संस्कार की मौत 7 मार्च को हुई थी। स्थानीय पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया है लेकिन परिवार इस दावे को खारिज करते हुए हत्या की आशंका जता रहा है।
संस्कार किसान परिवार से थे और उनके पिता कुलदीप श्रीवास्तव ने बेटे की पढ़ाई के लिए करीब 40 लाख रुपए का कर्ज लिया था। परिवार के मुताबिक, संस्कार पढ़ाई में अच्छा था और साथ ही पार्ट टाइम नौकरी कर हर महीने करीब 90 हजार से एक लाख रुपए तक कमा रहा था। ऐसे में परिजन सवाल उठा रहे हैं कि वह आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाएगा।
यह भी पढ़ें:CG: बिलासपुर में बर्ड फ्लू का कहर, सरकारी पोल्ट्री फार्म में 4400 मुर्गियों की मौत
मां नीलम श्रीवास्तव ने बताया कि होली की रात 5 मार्च को संस्कार ने करीब दो घंटे वीडियो कॉल पर पूरे परिवार से बात की थी। वह खुश था और जल्द घर आने की बात कह रहा था। इसके बाद दो दिन तक संपर्क न होने पर परिवार को चिंता हुई। बाद में जर्मनी में रहने वाले रिश्तेदार के जरिए यूनिवर्सिटी से संपर्क किया गया। जहां से पुलिस ने जानकारी दी कि संस्कार ने कॉलेज परिसर के पीछे आत्महत्या कर ली है।
परिवार का आरोप है कि घटना से जुड़ी कई बातें संदेह पैदा करती हैं। उनके अनुसार, संस्कार के बैंक खाते से करीब 2.5 लाख रुपए का ट्रांजैक्शन उसकी मौत के आसपास हुआ था। इसके अलावा, जिन तीन दोस्तों के नंबर संस्कार ने घर पर दिए थे वे अब कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन के मुताबिक, कमरे का दरवाजा खुला मिला था जिससे यह सवाल उठता है कि अगर यह आत्महत्या थी तो दरवाजा खुला क्यों था।
यह भी पढ़ें:13 साल कोमा में रहे हरीश राणा ने AIIMS में ली अंतिम सांस, सुप्रीम कोर्ट ने दी थी इच्छामृत्यु की अनुमति
परिजनों ने यह भी बताया कि संस्कार के मोबाइल का डेटा गायब है। जबकि, उससे मामले की सच्चाई सामने आ सकती थी। परिवार का दावा है कि पिछले 13 महीनों में उसी यूनिवर्सिटी में यह तीसरी संदिग्ध मौत है। इससे पहले 2025 में मेलिसा यंग और रूबेन एगाडो की भी संदिग्ध हालात में मौत हो चुकी है। जबकि, एक छात्रा यूएक्सिन काओ अब तक लापता हैं।
संस्कार का शव 27 मार्च को दिल्ली पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। परिवार ने मांग की है कि ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया जाए ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। पिता कुलदीप ने प्रशासन और केंद्र सरकार से बेटे का शव जल्द भारत लाने की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें:रायपुर के अस्पताल से पुलिस की गिरफ्त से फरार हुआ कैदी, काट रहा था उम्रकैद की सजा




