जमीन पर कब्जे को लेकर विदिशा में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
विदिशा जिले के लटेरी थाना परिसर में बुधवार को दो समुदाय आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि जिले के लटेरी थाना परिसर के पास दो समुदायों के बीच आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
रिपोर्ट्स के मुताबिक जिला मुख्यालय से 90 किमी दूर लटेरी थाना क्षेत्र के गांव रायपुरा में आदिवासियों और यादव समाज के लोगों में विवाद हो गया था। दोनों समाज में वन भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बुधवार को यादव समुदाय के लोग शिकायत करने लटेरी थाने पहुंचे थे। वे यहां अपनी शिकायत दर्ज करा ही रहे थे तभी आदिवासी भील समाज के लोग भी आ गए। इस दौरान थाने में ही दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव ने बताया कि आज लटेरी थाना क्षेत्र में एकत्रित दो समुदायों को समझाईश दी गई है। घटना की स्थिति इस प्रकार है।@JansamparkMP @mohdept pic.twitter.com/4ZuWvujUOJ
— Collector Vidisha (@vidishadm) August 9, 2023
थाने के भीतर दोनों पक्षों के बीच हो रही कहासुनी के दौरान किसी ने पत्थर मार दिया। इसके बाद दोनों ओर से लट्ठ और पत्थर चलने लगे। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। साथ ही लाठीचार्ज भी करना पड़ा। विवाद की सूचना मिलते ही विदिशा कलेक्टर उमाशंकर भार्गव और एसपी दीपक शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद विदिशा कलेक्टर ने कहा कि पथराव में दोनों पक्षों के करीब छह लोगों को हल्की चोटें आई है। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है।
मामले पर पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने कहा कि आज वन विभाग की जमीन को लेकर भील समाज और यादव समाज में विवाद हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और वापस भेज दिया। लेकिन बाहर आकर फिर से दोनों ही पक्षों में विवाद हो गया। भील समाज के लोग चक्काजाम कर रहे हैं। हम उन्हें समझना की कोशिश कर रहे हैं।