भोपाल में विधायक आवास में चोरी, BJP MLA प्रदीप पटेल के शासकीय आवास से लैपटॉप ले उड़े चोर
भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी आवास में चोरी की वारदात हुई। चोर विधायक के पीए डॉ. रामानंद पटेल का लैपटॉप, नकदी, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव, घड़ी और विधानसभा से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज ले गए।
भोपाल। राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र में स्थित मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी आवास में चोरी की घटना सामने आई है। चोर विधायक के निजी सहायक (पीए) का लैपटॉप, नकदी, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव, घड़ी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। घटना 7 जून की बताई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विधायक के पीए डॉ. रामानंद पटेल 7 जून को मऊगंज से भोपाल पहुंचे थे। वह विधायक रेस्ट हाउस के खंड-3 स्थित कमरा नंबर-74 में ठहरे हुए थे। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे वह कमरे को बाहर से बंद कर पानी लेने के लिए निकले थे। इसके बाद वह अपने एक साथी से मिलने कमरा नंबर-39 में चले गए और वहां कुछ समय तक बातचीत करते रहे।
करीब दो घंटे बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे जब वह वापस अपने कमरे में लौटे तो उनका लैपटॉप गायब मिला। जांच करने पर पता चला कि कमरे की अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। चोरी हुए लैपटॉप की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
पीए के अनुसार, अलमारी में रखे बैग से पेन ड्राइव, दो एटीएम कार्ड, नकदी, घड़ी और विधानसभा से जुड़े कई जरूरी दस्तावेज भी चोरी हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि लैपटॉप और पेन ड्राइव में विधानसभा से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित था। जिसके गायब होने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। दिनदहाड़े उस क्षेत्र में चोरी की वारदात होना चिंता का विषय माना जा रहा है। जहां जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास स्थित हैं। अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।




