अलवर एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, कार में आग लगने से MP के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चलती कार में अचानक आग लगने से मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी एक ही परिवार के पांच लोगों की कार में जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना लक्ष्मणगढ़ इलाके में पिलर नंबर 115/300 के पास हुई। उस दौरान दिल्ली से कोटा जा रही अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई और कुछ ही सेकेंड में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार के इंजन से अचानक आग भड़की। आग की लपटों ने तेजी से पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर बैठे लोग बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके और मौके पर ही जिंदा जल गए। आग इतनी भीषण थी कि बुझाने के बाद कार के अंदर सिर्फ हड्डियां ही बची मिली।
हादसे में कार चालक और मालिक विनोद कुमार मेहर ने आग लगते ही खिड़की से कूदकर खुद को बचाने की कोशिश की थी लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुके थे। उन्हें पहले पिनान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें जयपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
मृतकों में पार्वती (55), उनके बेटे संतोष (35), बहू शशि (30) और पोती साक्षी (9) शामिल हैं। यह परिवार श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव का रहने वाला था और जम्मू-कश्मीर स्थित वैष्णो देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था। परिजनों के अनुसार, पार्वती की तबीयत ठीक होने पर मन्नत पूरी करने के लिए वे यात्रा पर गए थे।
घटना की सूचना रात करीब 11:15 बजे लक्ष्मणगढ़ पुलिस को मिली। अलवर की एएसपी प्रियंका रघुवंशी के अनुसार, करीब 11:30 बजे फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और लगभग 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार में लगी सीएनजी किट के कारण आग तेजी से फैल गई।




