CM मोहन यादव के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री का अपमान, भाषण के लिए समय कम मिला तो भड़के वीरेंद्र खटीक

निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर नगर में शनिवार दोपहर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और मंत्री वीरेंद्र खटीक देवी अहिल्याबाई नारी सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे थे।

Updated: Jun 29, 2025, 04:56 PM IST

निवाड़ी। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक को मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यक्रम में कथित रूप से अपमान सहना पड़ा है। बताया जा रहा है कि दो मिनट बाद ही उनके भाषण को रोक दिया गया। पाल समाज के अध्यक्ष ने उनका हाथ खींचा, जिससे नाराज होकर खटीक मंच से उतरकर चले गए। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर नगर में शनिवार दोपहर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव देवी अहिल्याबाई नारी सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे थे। पृथ्वीपुर नगर के शासकीय कालेज प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित किया गया था जहां मंच पर टीकमगढ़ लोकसभा से सांसद और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक भी मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार जब संबोधन के लिए वीरेंद्र खटीक डाइस पर पहुंचे तो पाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैतान सिंह पाल वहां खड़े हो गए। वे दो मिनट ही बोल पाए थे कि शैतान सिंह ने हाथ खींचकर उन्हें पीछे कर दिया। इसके बाद मंच पर ही केंद्रीय मंत्री का हाथ खींचते हुए नजर आए और उन्होंने हाथ छुड़ाने का प्रयास किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नाराज हो गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना को लेकर मंच पर मौजूद भारतीय जनता पार्टी निवाड़ी के अध्यक्ष राजेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का परिवार बहुत बड़ा है। छुटपुट घटनाएं होती रहती हैं। इस मामले को तूल नहीं दें, हमलोग आपस में बैठकर हर मुद्दे का हल कर लेते हैं।