राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, दतिया उपचुनाव में करारी शिकस्त पर बोले नरोत्तम मिश्रा

दतिया उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद मंगलवार को समीक्षा बैठक हुई थी। इसके बाद जिले में पार्टी संगठन को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया।

Updated: Aug 05, 2026, 05:19 PM IST

दतिया। मध्य प्रदेश दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद बीजेपी में आत्ममंथन का दौर जारी है। पार्टी ने संगठन में बदलाव के मद्देनजर पूरे जिला संगठन को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। उपचुनाव के नतीजों पर अब नरोत्तम मिश्रा की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा है कि राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।

दरअसल, नरोत्तम मिश्रा पर कार्रवाई की खबरों के बीच बुधवार को वे पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से मिलने उनके घर पहुंचे। इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए मिश्रा ने लिखा, 'दतिया उपचुनाव के बाद सोशल मीडिया पर मेरे और भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष जी तिवारी को लेकर जो भ्रामक और असत्य बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं।'

नरोत्तम मिश्रा आगे लिखते हैं, 'आशुतोष तिवारी जी मेरे अनुज हैं। उनके प्रति मेरे मन में हमेशा स्नेह और आत्मीयता रही है, और आगे भी रहेगी। हमारे बीच न कभी कोई कटुता थी, न आज है। आज भी हमारी मुलाकात हमेशा की तरह उसी गर्मजोशी और अपनत्व के साथ हुई। आशुतोष जी भारतीय जनता पार्टी के एक कर्मठ, समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता हैं। मेरे चुनाव 2003 डबरा से मैने उन्हें एक ईमानदार कार्यकर्ता के रूप में ही देखा है। मैंने वर्षों से उनकी कार्यशैली को करीब से देखा है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे संगठन और जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। आशुतोष जी ने भी परिणाम के पश्चात किसी का नाम लेकर नाराज़गी नहीं जताई यह भी सभी कार्यकर्ताओं के प्रति उनके मन में सम्मान के भाव का प्रकटीकरण है।'

नरोत्तम मिश्रा ने आगे लिखा, 'मैं अपने सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूँ कि वे ऐसा कोई कार्य, टिप्पणी या व्यवहार न करें जिससे पार्टी, संगठन या आशुतोष जी को किसी प्रकार का नुकसान पहुँचे। हमारी ताकत हमारी एकजुटता, अनुशासन और संस्कार हैं। आशुतोष तिवारी जी और मेरे बीच 25 वर्षों का पारिवारिक रिश्ता है। वह सदैव मेरे अनुज है, उनके लिए मैं अभिभावक.. हमारा और उनका यह रिश्ता सदैव ऐसे ही बना रहेगा। राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन परिवार, संस्कार और रिश्ते हमेशा स्थायी रहते हैं।'

बता दें कि इससे पहले मंगलवार को सीएम हाउस में समीक्षा बैठक हुई थी। इस दौरान भीतरघात की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई। कमेटी के अनुशंसा पर पार्टी ने जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित जिला कार्यकारिणी, मंडल समितियों, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभिन्न विभागों की सभी इकाइयों को समाप्त कर दिया है। खबर ये भी है कि जल्द ही नरोत्तम मिश्रा को कारण बताओ नोटिस भेजा जाएगा। हालांकि इससे पहले ही आशुतोष तिवारी के घर जाकर नरोत्तम मिश्रा डैमेज कंट्रोल की कोशिशों में जुटे हैं।