मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज, बर्फीली हवाओं की वजह से अगले तीन दिन रहेगी सर्दी
मध्य प्रदेश में ठंड का असर फिर से बढ़ रहा है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन में इजाफा हो रहा है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत अन्य शहरों में भी पारे में गिरावट दर्ज की गई।

मध्य प्रदेश में ठंड का असर फिर से बढ़ रहा है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन में इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को भोपाल के तापमान में 6.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है जिसके बाद तापमान 22.6 डिग्री पर पहुंच गया। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत अन्य शहरों में भी पारे में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा और दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट होगी।
प्रदेश में गुरुवार रात से उत्तरी हवाओं का प्रभाव शुरू हुआ, जिसकी औसत गति 12 से 14 किमी प्रति घंटा रही। वहीं, उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम (वायुमंडल हवाएं) की गति 232 किमी प्रतिघंटा रही जिससे फिर ठंडी हवाओं का दौर शुरू हुआ। मौसम विभाग के अनुसार भोपाल में 22.6 डिग्री, इंदौर में 23.4 डिग्री, उज्जैन में 23.5 डिग्री, ग्वालियर में 25 डिग्री और जबलपुर में 24.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम, कई जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के लगभग सभी शहरों में दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट हुई। नीचम के मरुखेड़ा में रात का तापमान 9.2 डिग्री दर्ज हुआ, जो सबसे कम था। वहीं, नर्मदापुरम में सबसे अधिक रात का तापमान 16.6 डिग्री रहा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में रात का तापमान 10 से 14 डिग्री के बीच रहा।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से दक्षिण-पूर्वी हवाओं के प्रभाव के कारण में ठंड कम हो गई थी, लेकिन शुक्रवार से ठंड का असर फिर से महसूस होने लगा। मौसम विभाग का कहना है कि 29 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन इसके गुजरने के बाद ठंड फिर से लौट सकती है।