मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम, कई जिलों में कोहरे का अलर्ट

मध्य प्रदेश में इस सप्ताह शीतलहर का असर कम रहेगा, लेकिन ठंड का असर बरकरार रहेगा। अगले तीन दिनों तक ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग के कई जिलों में मध्यम से घने कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा।

Updated: Jan 20, 2025, 10:09 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

मध्य प्रदेश में इस सप्ताह शीतलहर का असर कम रहेगा, लेकिन ठंड का असर बरकरार रहेगा। अगले तीन दिनों तक ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग के कई जिलों में मध्यम से घने कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा। पूर्वी हिस्सों, जैसे जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में रात के तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी। सोमवार को ग्वालियर, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में कोहरे की चादर बिछी रही। हालांकि, मंगलवार से प्रदेशवासियों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में ठंड का मुख्य कारण बर्फीली हवा है, जो प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में चल रही है। खासकर पूर्वी हिस्सों में इसका असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। रविवार को ठंडी हवाओं की गति 240 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट हुई। इस स्थिति के सोमवार तक बने रहने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, भोपाल समेत 7 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट

प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान शहडोल के कल्याणपुर में 3.4 डिग्री रहा, जबकि मंडला में 4.3 डिग्री, उमरिया में 5.2 डिग्री, और खजुराहो में 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री, इंदौर में 13.8 डिग्री, ग्वालियर में 8.5 डिग्री, उज्जैन में 12.2 डिग्री और जबलपुर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक मौसम ठंडा और कोहरे से प्रभावित रहेगा। 21 और 22 जनवरी को ग्वालियर, मुरैना, भिंड और दतिया में कोहरा छाए रहने की संभावना है। रविवार को प्रदेश के आधे जिलों में घना कोहरा देखने को मिला, जबकि दिन के समय हल्की धूप के कारण तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई।