भाजपा खरीद फरोख्त कर रही, यह रवैया अनैतिक और असंवैधानिक, हिमाचल मामले पर बोलीं प्रियंका गांधी

भाजपा धनबल, एजेंसियों की ताकत और केंद्र की सत्ता का दुरुपयोग करके हिमाचल वासियों के इस अधिकार को कुचलना चाहती है: प्रियंका गांधी

Updated: Feb 28, 2024, 02:47 PM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र के बेटे विक्रमादित्य ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। हिमाचल की कांग्रेस सरकार संकट में है। इसी बीच पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा पर खरीद फरोख्त के आरोप लगाए हैं।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'लोकतंत्र में आम जनता को अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार है। हिमाचल की जनता ने अपने इसी अधिकार का इस्तेमाल किया और स्पष्ट बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाई। लेकिन भाजपा धनबल, एजेंसियों की ताकत और केंद्र की सत्ता का दुरुपयोग करके हिमाचल वासियों के इस अधिकार को कुचलना चाहती है। इस मक़सद के लिए जिस तरह भाजपा सरकारी सुरक्षा और मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है, वह देश के इतिहास में अभूतपूर्व है।'

प्रियंका गांधी ने आगे लिखा, '25 विधायकों वाली पार्टी यदि 43 विधायकों के बहुमत को चुनौती दे रही है, तो इसका मतलब साफ है कि वो प्रतिनिधियों के खरीद-फरोख्त पर निर्भर है। इनका यह रवैया अनैतिक और असंवैधानिक है। हिमाचल और देश की जनता सब देख रही है। जो भाजपा प्राकृतिक आपदा के समय प्रदेशवासियों के साथ खड़ी नहीं हुई, अब प्रदेश को राजनीतिक आपदा में धकेलना चाहती है।'

बता दें कि इससे पहले हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने पद से इस्तीफा देने की खबर आई थी। हालांकि, सुक्खू ने इसका खंडन किया है। सुक्खू ने साफ किया कि उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है। भाजपा अफवाह फैला रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार स्थिर है और पूरे पांच साल तक चलेगी।