पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहा, 6 सैलानियों की मौत, दर्जनों लोग लापता

इस हादसे में 25 से 30 सैलानियों के बह जाने की खबर सामने आई है। मौके पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद नदी से 6 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।

Updated: Jun 15, 2025, 06:24 PM IST

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के मावल तहसील के कुंडमाला गांव के पास में रविवार दोपहर 3:30 बजे इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढह गया। इसमें 25 से 30 लोगों के बह जाने की आशंका है। मौके पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद नदी से 6 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ, जब कई लोग नदी के तेज बहाव को देखने के लिए खड़े थे। स्थानीय विधायक सुनील शेलके ने बताया कि अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। 6 लोगों का रेस्क्यू भी किया गया है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पुल पहले से ही बहुत खराब और जर्जर स्थिति में था। हादसे के समय पुल पर क्षमता से अधिक पर्यटक मौजूद थे। लोग टू-व्हीलर और मोटरसाइकिल ले जा रहे थे। इसी वजह से पुल भार सहन नहीं कर सका।

पुणे से कुंडमाला की दूरी 30 किमी है। यह जगह मुंबई के रास्ते में एक्सप्रेसवे में प्रवेश करने से पहले स्थित है। वीकेंड पर यहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं।