BCCI ने खारिज की हिटमैन के संन्यास की अटकलें, लॉर्ड्स वनडे के बाद भी रहेंगे टीम का हिस्सा

रोहित शर्मा के संन्यास की खबरों पर BCCI ने विराम लगा दिया है। बोर्ड ने साफ किया कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में तीसरे वनडे के बाद भी रोहित भारतीय टीम के लिए खेलते रहेंगे।

Updated: Jul 18, 2026, 12:10 AM IST

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज और हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की चर्चाओं को पूरी तरह निराधार बताया है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इंग्लैंड के खिलाफ 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे वनडे के बाद भी रोहित भारतीय टीम का हिस्सा बने रहेंगे। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि उनके संन्यास को लेकर चल रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

दरअसल, पिछले कुछ समय से ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है। इन चर्चाओं के बीच BCCI ने आधिकारिक तौर पर स्थिति साफ करते हुए बताया कि रोहित फिलहाल क्रिकेट से विदाई नहीं ले रहे हैं और वह आगे भी भारत के लिए खेलना जारी रखेंगे।

रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी के दौरान भारतीय वनडे टीम की रणनीति में बड़ा बदलाव किया था। 2023 वनडे विश्व कप में उनकी आक्रामक सोच और शुरुआत से विपक्षी टीम पर दबाव बनाने की रणनीति के दम पर भारत फाइनल तक पहुंचा था। इसी खेल शैली को आगे बढ़ाते हुए भारतीय टीम ने 2024 टी-20 विश्व कप का खिताब जीता और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की थी।

कप्तान के तौर पर रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने 2017 से 2025 के बीच तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में कुल 142 मैचों में भारत की कप्तानी की थी। जिनमें टीम ने 103 मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। वनडे क्रिकेट में उनकी अगुआई में भारत ने 56 में से 42 मैच जीते थे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 62 मुकाबलों में 49 जीत हासिल की थी। जबकि, टेस्ट क्रिकेट में 24 मैचों में टीम को 12 जीत मिली थी।

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने दो ICC ट्रॉफियां जीतने के अलावा 2018 और 2023 के एशिया कप पर भी कब्जा जमाया था। उनकी अगुआई में टीम ने लगातार बड़े टूर्नामेंटों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया और भारतीय क्रिकेट को कई महत्वपूर्ण सफलताएं दिलाई।