शेयर बाजार खुलते ही धड़ाम, सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का, निफ्टी में भी भारी गिरावट
वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव और आर्थिक अनिश्चितताओं के चलते भारतीय शेयर बाजार पर दबाव बना हुआ है।

मुंबई। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही।आज के प्री-ओपनिंग सत्र में निवेशकों का सेंटिमेंट निगेटिव नजर आया, जिससे बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। BSE सेंसेक्स 749.01 अंकों की गिरावट के साथ 76,629.90 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 में 236.10 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 23,195.40 पर खुला।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल एक में तेजी जबकि बाकी 29 में गिरावट है। वही, निफ्टी के 50 शेयरों में से दो में तेजी और 48 में गिरावट है। NSE सेक्टोरल इंडेक्स में रियल्टी सेक्टर सबसे ज्यादा 2.13% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। वही,ऑटो में 1.15%, मेटल में 1.31%, ऑयल एंड गैस में 1.18% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1.39% की गिरावट है।
दरअसल, वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव और आर्थिक अनिश्चितताओं के चलते भारतीय शेयर बाजार पर दबाव बना हुआ है। पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार (10 जनवरी) को एशियाई बाजार में जापान के निक्केई में 1.05% की गिरावट रही। वहीं, कोरिया का कोस्पी आज 1.21% गिरावट के साथ करोबार कर रहा है। चीन के शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स में भी आज 0.45% की गिरावट देखने को मिल रही है।
10 जनवरी को अमेरिका का डाओ जोंस 1.63% गिरकर 41,938 पर बंद हुआ था। S&P 500 इंडेक्स 1.54% गिरावट के बाद 5,827 जबकि नैस्डैक इंडेक्स 1.63% गिरकर 19,161 के स्तर पर बंद हुए थे। NSE के डेटा के अनुसार, 10 जनवरी को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 2,254.68 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 3,961.92 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार (10 जनवरी) को सेंसेक्स 241 अंक गिरकर 77,378 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 95 अंक की गिरावट रही, ये 23,431 के स्तर पर बंद हुआ। BSE स्मॉलकैप 1298 अंक की गिरावट के साथ 52,722 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, हफ्तेभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार 1845 अंक गिरा है।