राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मिलीं बंपर सीटें, CM से लेकर मंत्रियों तक के गढ़ में हारी बीजेपी
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार शाम तक घोषित पंचायत समिति के 6,050 सीटों के नतीजों में कांग्रेस ने 2,990 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बीजेपी को महज 1,795 सीटें मिली हैं।
जयपुर। राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को करारा झटका दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लेकर प्रदेश सरकार के मंत्रियों और बीजेपी के दिग्गज नेताओं के प्रभाव वाले क्षेत्रों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। राजधानी जयपुर से लेकर मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर तक कांग्रेस ने अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का प्रदर्शन किया है। नतीजों ने प्रदेश में बीजेपी की जमीनी पकड़ को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार शाम तक घोषित पंचायत समिति के 6,050 सीटों के नतीजों में कांग्रेस ने 2,990 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बीजेपी को महज 1,795 सीटें मिली हैं। इस तरह कांग्रेस ने बीजेपी को 1,195 सीटों से पीछे छोड़ दिया है। निर्दलीय उम्मीदवारों ने 516 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 438 सीटों पर जीत दर्ज की है।
जिला परिषद चुनावों में भी कांग्रेस ने बीजेपी पर बढ़त बनाई है। अब तक घोषित 239 सीटों में कांग्रेस ने 143 सीटें जीती हैं, जबकि बीजेपी को केवल 83 सीटों पर जीत मिली है। यानी जिला परिषद के चुनावों में भी कांग्रेस बीजेपी से काफी आगे है।
मुख्यमंत्री के गृह जिले में बीजेपी को झटका
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस ने बीजेपी को बड़ा झटका दिया है। जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से कांग्रेस ने 21 पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी महज 9 सीटों पर सिमट गई। एक सीट आरएलपी के खाते में गई। पिछले जिला परिषद चुनाव में बीजेपी ने 17 और कांग्रेस ने 14 सीटें जीती थीं। इस बार कांग्रेस ने बीजेपी से उसकी बढ़त छीन ली है।
राजधानी जयपुर में भी कांग्रेस का प्रदर्शन शानदार रहा। जिला परिषद की घोषित 45 सीटों में से कांग्रेस ने 31 पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी को केवल 12 सीटें मिलीं। वहीं जयपुर की 22 पंचायत समितियों में से 14 में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया। बीजेपी केवल दो पंचायत समितियों में ही बहुमत हासिल कर सकी। जयपुर जिला परिषद की मौजूदा अध्यक्ष को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।
जोधपुर में कांग्रेस ने 243 पंचायत समिति सीटों में से 128 पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी को 52 सीटें मिलीं। आरएलपी ने भी 53 सीटों पर जीत हासिल की। सीकर में कांग्रेस ने 144 में से 74 और दौसा में 125 में से 59 सीटों पर जीत दर्ज कर बीजेपी को पीछे छोड़ दिया।
बीजेपी के लिए एक और बड़ा झटका शहरी विकास एवं आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को लगा है। सीकर जिले में उनकी पत्नी शांति देवी और दोनों बेटे पंचायत समिति चुनाव हार गए। उनकी पत्नी और एक बेटे को कांग्रेस प्रत्याशियों ने हराया, जबकि दूसरे बेटे को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी जीत नहीं मिली। मंत्री के परिवार की इस हार को उनके राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र में बड़ा झटका माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की विधानसभा सीट सांगानेर में भी बीजेपी को झटका लगा है। यहां हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने बहुमत हासिल किया है। हालांकि, सांगानेर में यह जीत कांग्रेस की नहीं बल्कि आरएलपी की है।
राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन प्रदेश की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है। सत्ता में होने के बावजूद बीजेपी को कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं कांग्रेस ने पंचायत समिति से लेकर जिला परिषद तक अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। शेष जिलों की मतगणना और नतीजों के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।




