कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता संविधान की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व न्यौछावर करने को तैयार: जीतू पटवारी

400 पार का नारा देने वाली भाजपा देश के संविधान को बदलना चाहती थी, जनता ने सबक सिखाकर 240 पर समेट दिया: जीतू पटवारी

Updated: Jan 11, 2025, 07:02 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जितेन्द्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी व नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। जितेंद्र सिंह ने कहा कि देश के संविधान को कमजोर किया जा है और भाजपा से लोकतंत्र को खतरा है। उन्होंने बताया कि 27 जनवरी 2025 से महू से कांग्रेस पार्टी जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान की शुरुआत कर रही है।

जितेंद्र सिंह ने भोपाल में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि देश के अंदर जिस तरह की परिस्थितियां बनी है, एक ऐसा माहौल बनाया जा रहा है जिससे हमारे देश के संविधान की शक्तियों को कमजोर किया जा रहा है। प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को देश के संविधान के ऊपर भरोसा नहीं है। भाजपा देश के संविधान को मानती नहीं है। जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है भाजपा के नेता लोकसभा के अंदर जो अपशब्द इस्तेमाल कर रहे हैं, यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी हिटलरशाही, डरा-धमकाकर अपना खुद का संविधान और खुद का राज चलाना चाहती है। जिससे लोकतंत्र को बड़ा खतरा है।

सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने तय किया है कि आगामी 27 जनवरी 2025 से इंदौर के महू से जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान की शुरुआत कांग्रेस पार्टी कर रही है। यह अभियान पूरे देश के अंदर चलेगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी सहित देश और प्रदेश के सभी नेता उपस्थित रहेंगे। पूरे देश में यह अभियान चलेगा। भारतीय जनता पार्टी देश के संविधान को खत्म करने का काम कर रही हैं। उसके लिए देश का हर नागरिक अपनी लड़ाई लड़ेगा। जब तक अमित शाह देश की जनता से माफी नहीं मांगते तब तक यह है लड़ाई जारी रहेगी।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरी भाजपा ने नारा दिया था अबकी बार चार सो पार। जिसका जबाव देश की जनता ने भाजपा को दिया और 240 पर लाकर समेट दिया। भाजपा ने इसलिए यह नारा दिया था, क्योंकि वह संविधान में बदलाव करना चाहती थी। देश की जनता के सामने एक बड़ा सवाल था कि भारतीय जनता पार्टी क्या संविधान को बदल देगी? 

पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी ने सामाजिक और राजनीतिक क्रांति के तहत संविधान की पुस्तक हाथ में लेकर देश की जनता से संविधान बचाने के अपील की, जिसके कारण भाजपा 240 सीटों पर ही सिमट गई। भाजपा महात्मा गांधी को नहीं बल्कि गोडसे को महान बताती है। BJP देश के भाईचारे, देश की सप्रभुता और देश की एकता और अखण्ता को समाप्त करना चाहती है। देश में सांसद, विधायकों और जनप्रतिनिधियों कोे खरीदने का काम किया किया जा रहा है। देश के संविधान को भारतीय जनता पार्टी द्वारा धता बताया जा रहा है। राहुल गांधी ने देश की जनता से आह्वान किया कि हमें संविधान की रक्षा करनी है। नरेंद्र मोदी ने संसद में खड़े होकर बाबा साहेब अंबेडकर का मजाक उड़ाया, अमित शाह ने बाबा साहेब का मजाक उड़ाया, देश के लिये यह क्या संदेश देना चाहते हैं? यह वक्तव्य अपने आप नहीं, यह सोची समझी साजिश के तहत टिप्पणी की गई थी।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अमित शाह द्वारा अंबेडकर जी के अपमान को गंभीरता से लिया है। कांग्रेस ने देश की आजादी में शहादत दी, देश की उन्नति में अपना सर्वस्व न्यौछावर किया, कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता संविधान की रक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए तैयार रहेगा। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा को लेकर 3 तारीख से बेलगांव से एक अभियान चालू हुआ और यह अभियान लगातार चालू रहेगा। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली इंदौर जिले के महू से इस कार्यक्रम की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, इसके तहत हर गांव, हर मंडल, हर ब्लाक में बैठकें होगी और प्रदेश भर से करीब 1 लाख कार्यकर्ता महू में संविधान की रक्षा की शपथ लेने के लिए जुटेंगे। 

पटवारी ने कहा कि कार्यक्रम की तैयारी हेतु जिले में लगातार 15 जनवरी को जिले की मीटिंग होगी, 17 जनवरी को ब्लाक में और 20 तारीख को मंडलम और सेक्टर की बैठकें होगी और 20 से 25 तक कांग्रेस का कार्यकर्ता पूरे मध्य प्रदेश में घर-घर जाएगा इसके लिए जिले के प्रभारी जिला अध्यक्षों को जिला स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है।