भिंड में CM मोहन यादव की सुरक्षा में चूक, टेकऑफ के दौरान हेलीकॉप्टर के ऊपर उड़ता मिला ड्रोन, यूट्यूबर गिरफ्तार

भिंड में मुख्यमंत्री मोहन यादव की सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला सामने आया है। रविवार शाम दंदरौआ धाम में सीएम के हेलीकॉप्टर के टेकऑफ से ठीक पहले ऊपर ड्रोन उड़ता देख पायलट ने उड़ान रोक दी। पुलिस ने ड्रोन उड़ा रहे युवक को हिरासत में लिया है।

Updated: Jul 13, 2026, 06:51 PM IST

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मुख्यमंत्री मोहन यादव के दंदरौआ धाम दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आई। रविवार शाम मुख्यमंत्री दर्शन के बाद ग्वालियर लौटने के लिए हेलीकॉप्टर में सवार हो चुके थे लेकिन टेकऑफ से ठीक पहले हेलीपैड के ऊपर एक ड्रोन उड़ता दिखाई देने पर पायलट ने सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने से इनकार कर दिया। इसके चलते हेलीकॉप्टर करीब 10 मिनट तक हेलीपैड पर ही खड़ा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल जांच शुरू की और ड्रोन उड़ा रहे युवक को पकड़ लिया।

जांच के दौरान मंदिर परिसर की छत पर राघवेंद्र खेमरिया नाम का युवक ड्रोन उड़ाते हुए मिला। पुलिस ने तुरंत ड्रोन नीचे उतरवाया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में मामले को आगे की कार्रवाई के लिए मेहगांव थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने युवक से ड्रोन, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त कर लिए हैं। फिलहाल इनकी जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:व्हाट्सएप-टेलीग्राम के यूजरनेम फीचर पर सरकार सख्त, जवाबों की समीक्षा के बाद तय होंगे नए नियम

घटना के समय मुख्यमंत्री के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी हेलीकॉप्टर में मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने ड्रोन दिखने के बाद पूरे हेलीपैड और आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली। जिसके बाद स्थिति सामान्य होने पर आगे की प्रक्रिया पूरी की गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राघवेंद्र खेमरिया लंबे समय से दंदरौआ धाम की गतिविधियों के वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया तथा यूट्यूब पर साझा करता है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के मंदिर में पूजा अर्चना और महंत रामदास महाराज से मुलाकात के दौरान भी वह परिसर में मौजूद था और मोबाइल तथा ड्रोन कैमरे से कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहा था। यह भी सामने आया है कि मंदिर समिति के कुछ लोगों की पहल पर उसे सुरक्षा घेरे के भीतर प्रवेश मिला था।

यह भी पढ़ें:मुरैना में श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, 3 की मौत और 5 गंभीर रूप से घायल

हालांकि, मंदिर प्रबंधन का कहना है कि राघवेंद्र खेमरिया दंदरौआ धाम के अधिकृत कर्मचारी हैं और मंदिर का आधिकारिक यूट्यूब चैनल संचालित करते हैं। दूसरी ओर पुलिस यह जांच कर रही है कि ड्रोन उड़ाने के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं और कहीं वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन तो नहीं हुआ।

सीएसपी निरंजन राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के टेकऑफ के दौरान हेलीपैड के ऊपर ड्रोन उड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और युवक को मंदिर की छत से पकड़ लिया। वहीं, मेहगांव थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने बताया कि घटना के समय उनकी ड्यूटी लहार कार्यक्रम में लगी थी। थाने पहुंचने पर राघवेंद्र खेमरिया पुलिस हिरासत में मिला। जिसके बाद उसके डिजिटल उपकरण जब्त कर जांच शुरू की गई। मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:लॉर्ड्स में MP की बेटी क्रांति गौड़ का ऐतिहासिक कारनामा, 5 विकेट लेकर ऑनर बोर्ड पर दर्ज किया नाम