CSK के खिलाफ जीत के बावजूद PBKS की बढ़ी मुश्किलें, स्लो ओवर रेट के कारण टीम पर लगा जुर्माना

चेन्नई को हराकर पंजाब किंग्स ने जीत तो दर्ज कर ली लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं। स्लो ओवर रेट के कारण उन पर 24 लाख रुपये और टीम के अन्य खिलाड़ी पर 6 लाख का जुर्माना लगा है।

Updated: Apr 04, 2026, 03:58 PM IST

चेन्नई। आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार अपनी दूसरी जीत दर्ज की। हालांकि, इस जीत के बावजूद टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर मुश्किल में फंस गए। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 3 अप्रैल को खेले गए इस मैच में स्लो ओवर रेट के कारण अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह इस सीजन में उनका दूसरा उल्लंघन है जो आईपीएल के आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत आता है।

आईपीएल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, न्यूनतम ओवर गति बनाए रखने में नाकाम रहने पर उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। चूंकि यह पंजाब किंग्स की इस सीजन में दूसरी गलती थी इसलिए अय्यर पर जुर्माना बढ़ाकर 24 लाख रुपये कर दिया गया। इसके साथ ही प्लेइंग इलेवन में शामिल बाकी खिलाड़ियों और इम्पैक्ट प्लेयर पर भी 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत का जुर्माना लगाया गया है।

यह भी पढ़ें:झाबुआ के वाटर फिल्टर प्लांट में क्लोरीन गैस का रिसाव, 49 लोग हुए बीमार

गौरतलब है कि इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में भी अय्यर पर स्लो ओवर रेट के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। नियमों के अनुसार, अगर टीम तीसरी बार इस गलती को दोहराती है तो कप्तान पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ एक मैच का प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। वहीं, अन्य खिलाड़ियों पर भी भारी जुर्माना तय है।

अगर मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के दिए 210 रन का लक्ष्य 18.4 ओवर में हासिल कर लिया था। इससे पहले सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 209 रन बनाए थे। टीम के लिए युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 73 रन की तेज पारी खेली थी। जबकि, शिवम दुबे 45 रन बनाकर नाबाद रहे थे।

यह भी पढ़ें:MP में बदला मौसम का मिजाज, 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, सिवनी में वज्रपात से दो की मौत

वहीं, सरफराज खान ने भी 32 रन का योगदान दिया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत की थी। उस दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ने 50 रन की अहम पारी खेली थी। उनके अलावा प्रभसिमरन सिंह ने 43 रन, प्रियांश आर्या ने 39 रन और कूपर कॉनोली ने 36 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।