IPL 2026: जीत के बाद श्रेयस अय्यर पर लगा फाइन, स्लो ओवर रेट के लिए BCCI ने लगाया 12 लाख का जुर्माना

गुजरात टाइटंस के खिलाफ पंजाब किंग्स ने 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की लेकिन जश्न के बीच BCCI ने स्लो ओवर रेट के कारण कप्तान श्रेयस अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया है।

Updated: Apr 01, 2026, 04:36 PM IST

चंडीगढ़। आईपीएल 2026 के चौथे मुकाबले में 31 मार्च को खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराकर सीजन में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जीत के इस खुशी में हल्का सा फाइन वाला ट्विस्ट भी जुड़ गया है। दरअसल, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर स्लो ओवर रेट के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

मैच तो पंजाब ने जीत लिया लेकिन बीसीसीआई की नजर घड़ी पर थी। तय समय में ओवर पूरे न करने की वजह से अय्यर पर आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत कार्रवाई की गई। चूंकि यह इस सीजन में टीम की पहली गलती थी इसलिए सिर्फ जुर्माने से मामला निपट गया। वहीं, अगली बार ऐसी गलती होने पर कहानी थोड़ी ज्यादा महंगी हो सकती है।

यह भी पढ़ें:MP: छतरपुर के दिव्यांग शाहिद खान का टीम इंडिया में सेलेक्शन, श्रीलंका में दिखाएंगे खेल का प्रदशर्न

अगर मैच की बात करें तो मुकाबला काफी दिलचस्प रहा था। गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 162 रन बनाए थे। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान शुभमन गिल ने 39 रन और जोस बटलर ने 38 रन बनाकर पारी संभाली। उस दौरान पंजाब के गेंदबाजों ने आखिर में ब्रेक लगा दिया था। तेज गेंदबाज वैशाक विजयकुमार और स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मिलकर 5 विकेट झटकते हुए गुजरात को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया था।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत थोड़ी डगमगाई थी लेकिन फिर एंट्री हुई ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज कूपर कॉनली की। उन्होंने 44 गेंदों पर नाबाद 72 रन ठोककर मैच को फिल्मी क्लाइमेक्स बना दिया था। उनके साथ प्रभसिमरन सिंह ने 37 रन बनाकर अहम भूमिका निभाई थी। पंजाब ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया था। 

यह भी पढ़ें:MP में मिलावटी खाद्य पदार्थों का बढ़ा खतरा, 2000 से ज्यादा सैंपल फेल

हालांकि, अय्यर के लिए ये पहला मौका नहीं है जब स्लो ओवर रेट ने उन्हें परेशान किया हो। आईपीएल 2025 में भी उन पर दो बार जुर्माना लग चुका है। पिछले सीजन में पहली बार 12 लाख और दूसरी बार 24 लाख रुपये का फाइन उनपर लगा था। 

वैसे आईपीएल में स्लो ओवर रेट अब मजाक का विषय नहीं रहा। पहले कप्तानों को बैन तक झेलना पड़ता था। ऋषभ पंत को 2024 में लगातार तीन बार ऐसी गलती पर एक मैच का बैन और 30 लाख रुपये का जुर्माना भुगतना पड़ा था। हालांकि, अब नियमों में बदलाव के बाद सीधे बैन की बजाय डिमेरिट पॉइंट और जुर्माने का सिस्टम लागू किया गया है लेकिन बार-बार गलती करने पर सजा अभी भी भारी पड़ सकती है।

यह भी पढ़ें:1 अप्रैल से बढ़ा महंगाई का बोझ, प्रॉपर्टी, बिजली, टोल, गैस और बैंकिंग सेवाएं हुई महंगी