मुलताई फोरलेन पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 3 की मौत और 8 घायल

मुलताई फोरलेन पर शनिवार तड़के नागपुर के श्रद्धालुओं की कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

Updated: Aug 22, 2026, 01:21 PM IST

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई फोरलेन पर शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जीतू ढाबे के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे तेज रफ्तार कार जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पति और पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, ड्राइवर सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बुट्टी बोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले थे। वे सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मुलताई फोरलेन पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि सुबह का समय होने के कारण ड्राइवर को झपकी लगी होगी। इसी वजह से संभव है कि वह सड़क किनारे खड़े ट्रक को समय रहते नहीं देख पाया और कार सीधे उसके पिछले हिस्से में जा भिड़ी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें:भोपाल में बंद हो सकती है बाइक टैक्सी, ओला और रैपिडो में नहीं चलेंगी प्राइवेट नंबर की गाड़ियां

हादसे में जान गंवाने वालों में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया की पहचान हो गई है। तीसरी मृतक महिला की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

दुर्घटना में कार चालक 30 वर्षीय सौरभ पिता नंदकिशोर चंदे समेत आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को आगे के इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया।

घायलों में 10 वर्षीय नैतिक पिता उपेंद्र गांधीवार, 45 वर्षीय उज्ज्वला पति मोहन, 25 वर्षीय नीता पिता अनिल, 18 वर्षीय अनुष्का पिता उपेंद्र, संगीता एकनाथ, शंभु पिता नंदन और प्रज्वल पिता दीपक शामिल हैं। 

यह भी पढ़ें:राहुल गांधी के धरने से झुकी दिल्ली पुलिस, पैलेट गन मामले में दर्ज की FIR

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए थे। हादसे के बाद कार की हालत बेहद खराब थी। उसका अगला पहिया टूटकर अलग हो गया था और टक्कर की तीव्रता के कारण आगे की सीट पीछे की ओर खिसक गई थी। कार की छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।

चश्मदीदों ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तब कार की बीच वाली सीट पर बैठे दो लोगों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य कराया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:भोपाल में 58 वर्षीय SI की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, नहाने के बाद कमरे में बेहोश मिले