सीएम भूपेश बघेल ने दी किसानों को सौगात, राजीव गांधी किसान न्याय योजना की पहली किस्त जारी, खातों में डाले 15 सौ करोड़ रुपए

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना की पहली किश्त जारी की।

Updated: May 21, 2021, 10:02 AM IST

Photo courtesy: bhaskar
Photo courtesy: bhaskar

रायपुर। छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना की पहली किस्त जारी की। सीएम भूपेश बघेल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के किसानों के खातों में बटन दबा कर राशि ट्रांसफर किया। वर्ष 2020-21 में धान बेचने वाले साढ़े 21 लाख किसानों को राशि  उनके खाते में ट्रांसफर किया गया।


सरकार ने करीब 15 सौ करोड़ रुपए की पहली किस्त किसान न्याय योजना के माध्यम से दी। इसके साथ ही कार्यक्रम में सीएम बघेल ने गोधन न्याय योजना के तहत राज्य के करीब 72 हजार पशुपालकों को 15 मार्च से 15 मई तक गोबर खरीदी के एवज में 7 करोड़ 17 लाख रूपए तथा गौठान समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों को 3.6 करोड़ रूपए की राशि ऑनलाइन अंतरित की।

 

गोधन न्याय योजना के तहत पशुपालकों एवं ग्रामीणों को अब तक कुल 88 करोड़ 15 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। कार्यक्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नही जुड़े। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सांसद सोनिया गांधी के संदेश का वाचन किया। राज्यसभा सांसद पी.एल.पुनिया भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम में शामिल हुए उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का संदेश सुनाया।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, बजट के दौरान भूमिहीन किसानों के लिए किसान न्याय योजना की घोषणा की गई थी। उसके प्रति सरकार संकल्पित है। जल्दी ही वह योजना भी शुरू हो जाएगी। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्रकुमार भी मौजूद रहे। सांसदों-विधायकाें और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समारोह में शिरकत की।


गौरतलब है कि धान उत्पादक किसानों को बोनस बंद होने के बाद राज्य सरकार ने 21 मई 2020 को राजीव गांधी की पूण्यतिथि पर किसान न्याय योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत खरीफ सीजन 2019-20 में पंजीकृत लगभग 19 लाख किसानों को कृषि आदान सहायता के रूप में 5 हजार 628 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी गई थी। इस वर्ष इस योजना के लिए 5 हजार 800 करोड़ रुपए की व्यवस्था है।