शेयर मार्केट में हाहाकार, सेंसेक्स में 1000 अंक की गिरावट, निवेशकों के 7.5 लाख करोड़ रुपए स्वाहा

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट और केवल दो में तेजी है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 46 में गिरावट और केवल चार में तेजी है। NSE के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में आज गिरावट है।

Updated: Feb 28, 2025, 02:46 PM IST

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में हाहाकार मची हुई है। मार्केट लगातार धराशायी हो रहा है। 28 फरवरी का दिन भी घरेलू शेयर बाजार के लिए ब्लैक फ्राइडे साबित हुआ। शुक्रवार को शेयर बाजार खुलते ही क्रैश हो गया। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty 50) दोनों 1% से ज्यादा लुढ़क गए।

सुबह 10 बजे के करीब सेंसेक्स (Sensex) 1,027.60 अंक (1.38%) लुढ़ककर 73,584.83 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी (Nifty 50) 315.60 अंक (1.40%) गिरकर 22,229.45 पर पहुंच गया। 

यह भी पढे़ं: BSNL की शानदार वापसी, 17 साल बाद मुनाफे में लौटी सरकारी टेलीकॉम कंपनी

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट और केवल दो में तेजी है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 46 में गिरावट और केवल चार में तेजी है। NSE के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में आज गिरावट है।

सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी IT में 3.27%, ऑटो में 2.65%, मीडिया में 2.50%, सरकारी बैंकों में 2.05% और मेटल में 1.82% है। इसके अलावा, फार्मा, बैंकिंग, FMCG और फाइनेंशियल सर्विसेज में 1% तक की गिरावट है।

शेयर बाजार में बिकवाली से निवेशकों की वेल्थ 7.5 लाख करोड़ रुपए घट गई। शुक्रवार, 28 फरवरी को सुबह 10 बजे BSE पर लिस्टेड कंपनियों का ओवरऑल मार्केट कैप 385 लाख करोड़ रुपए रह गया। 27 फरवरी को यह लगभग 393 लाख करोड़ रुपए था।

इस गिरावट के पीछे कई वजहें मानी जा रही हैं, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का नया टैरिफ ऐलान, विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली और भारत की तीसरी तिमाही (Q3) जीडीपी आंकड़े जारी होने का असर शामिल है।