Maharashtra : सलून और स्पा खुले मगर जारी रहेगा लॉकडाउन

Udhhav Thakre : प्लाज्मा थेरेपी से मरीजों का इलाज करनेवाला सबसे बड़ा राज्य महाराष्ट्र

Publish: Jun 29, 2020, 05:29 AM IST

महाराष्ट्र में बड़ते कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या के मद्देनजर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने घोषणा की है कि अभी प्रदेश से लॉकडाउन नहीं हटाया जाएगा। ठाकरे का कहना है कि कोरोना पॉजिटिव मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में 30 जून के बाद भी लॉकडाउन जारी रहेगा। हालांकि मुख्यमंत्री ने कहा है कि लॉकडाउन में धीरे-धीरे छूट दी जाएगी। सीएम उद्धव ठाकरे का कहना है कि अनलॉक शुरू होने पर कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि सरकार ने अधिक से अधिक टेस्ट करवाना शुरू किया है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि महाराष्ट्र प्लाज़्मा थेरेपी से इलाज करनेवाला सबसे बड़ा राज्य हो जाएगा। सरकार ने राज्य में बड़े पैमाने पर कोरोना मरीजों का इलाज प्लाज्मा थैरेपी से कराने का ऐलान किया है। 

दरअसल महाराष्ट्र में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1 लाख 59 हजार 133 तक पहुंच गई है। वहीं प्रदेश में कोरोना से अब तक 7,273 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में 84,245 मरीज कोरोना से जंग जीतकर अपने घरों को लौट चुके हैं। वहीं प्रदेश मे कोरोना एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 67,600 है। अर्थात कुल 42% एक्टिव पेशेंट बचे हैं।

महाराष्ट्र में करीब 100 दिन बाद रविवार से नाई की दुकान, हेयर स्पा और सैलून पार्लर खुल गए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने इन दुकानों को जरूरी गाइडलाइन के साथ खोलने की अनुमति दी है। कस्टमर्स को पहले से अपॉइंटमेंट लेना होगा। सैलून और नाई की दुकानों में सरकार की ओर से निर्धारित एहतियात के साथ बाल काटने, हेयर डाइंग, वैक्सिंग, थ्रेडिंग को अनुमति दी गई है। 

पश्चिम बंगाल के बाद झारखंड में भी 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ाने का एलान कर दिया गया है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी है कि "स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, राज्य सरकार ने 31 जुलाई तक लॉकडाउन का विस्तार करने का फैसला किया है,"। वहीं दिल्ली सरकार ने प्रदेश के सभी स्कूलों को 31 जुलाई तक बंद रखने का फैसला लिया है।

इसके साथ ही अब भारत में कोरोना से मरने वालों की संख्या 16,112 है। इस समय देश में 5 लाख से ज्यादा कोरोना के मरीज़ हैं और शनिवार को संक्रमितों का आंकड़ा एक दिन में २० हज़ार की संख्या को पार कर चुका है।

दुनियाभर में कोरोना के मामले एक करोड़ के पार पहुंच गए हैं और पूरे विश्व में 5 लाख लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी।