आठ गुना तक बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा, तुर्की सीरिया में भूकंप से अब तक 4 हज़ार लोगों की मौत

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह चेतावनी जारी की है कि तुर्की सीरिया में तबाही का मंज़र अभी और भयावह रूप ले सकता है

Publish: Feb 07, 2023, 02:52 AM IST

Photo Courtesy: Bloomberg
Photo Courtesy: Bloomberg

नई दिल्ली। तुर्की सीरिया में आए भूकंप ने न सिर्फ़ पश्चिम एशिया बल्कि पूरे विश्व को दहला कर रख दिया है। दुनिया भर में भूकंप की चपेट में आए लोगों की सलामती की दुआएं मांगी जा रही हैं। इसी बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह चेतावनी जारी की है कि तुर्की और सीरिया में मची तबाही के मंज़र अभी और भयावह हो सकता है। 

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया है कि तुर्की सीरिया में भूकंप से हुईं मौतों का आंकड़ा, मौजूदा आंकड़े से आठ गुना अधिक हो सकता है। तुर्की सीरिया में अब तक भूकंप से चार हज़ार लोगों के मारे जाने की ख़बर है। 

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपने बयान में बताया, "हर भूकंप के साथ हम एक समान चीज़ देखते हैं। दुर्भाग्य से, भूकंप के कारण लोगों के मरने और चोटिल होने का जो शुरुआती आंकड़ा है वह इस सप्ताह में काफ़ी ज्यादा हो सकते हैं।"

दोनों देशों में भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। दोनों देशों में हज़रों इमारतें ढह गई हैं। सीरिया में अब तक भूकंप से 1400 से अधिक लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है जबकि तुर्की में 2300 से अधिक लोग इस आपदा से अपनी जान गंवा बैठे हैं। तुर्की में अब तक 14 हज़ार से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। जबकि सीरिया में घायलों का आंकड़ा तीन हज़ार से अधिक है। तुर्की में अब तक 7300 के करीब लोगों को रेस्क्यू किया गया है। 

यह भी पढ़ें : तुर्की में आए भूकंप से अब तक 1300 लोगों की मौत, भारत सरकार ने किया मदद का ऐलान

इसी बीच भारत सरकार ने तुर्की को मदद का हाथ बढ़ाया है। भारत सरकार ने वहां पर एनडीआरएफ की दो टीमें भेजने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री कार्यलाय ने प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से कहा कि इस संकट की घड़ी में भारत तुर्की के लोगों के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है। हम आपदा की चपेट में आए लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने के लिए तत्पर हैं।