तुर्की में आए भूकंप से अब तक 1300 लोगों की मौत, भारत सरकार ने किया मदद का ऐलान

तुर्की सहित पश्चिम एशिया के चार देश भूकंप की चपेट में आ गए हैं, इज़राइल, लेबनान, सीरिया भी भूकंप से थर्राए

Updated: Feb 06, 2023, 12:16 PM IST

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया इस समय भूकंप की भारी तबाही से गुज़र रहा है। तुर्की में एक बार फिर भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए हैं। इस बार धरती 7.6 की तीव्रता से हिली है। भूकंप के चलते अब तक तुर्की और सीरिया में 1300 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं 5 हजार से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

भारतीय समयानुसार यह भूकंप दोपहर तीन बजकर 54 मिनट पर आया। भूकंप का केंद्र अंकारा से 427 किमी दूर जबकि ज़मीन से दस किलोमीटर अंदर था। 

विनाशकारी भूकंप से ग्रसित तुर्की के लिए भारत सरकार ने अपना हाथ आगे बढ़ाया है। भारत सरकार ने तुर्की को हर संभव मदद का ऐलान किया है। भारत सरकार ने कहा है कि इस संकट की घड़ी में भारत तुर्की की हर संभव मदद के लिए तैयार है। 

इससे पहले सोमवार सुबह को भी तुर्की में भूकंप आया था। पहले भूकंप की तीव्रता 7.8 मापी गई थी। वहीं भूकंप की गहराई ज़मीन से 17 किमी अंदर थी। तुर्की की भोगौलिक स्थिति ऐसी है कि वह अमूमन भूकंप की चपेट में रहता है। 1999 से लेकर अब तक तुर्की में क़रीब 18 हजार लोग भूकंप के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। इससे पहले 2020 में भी एक बड़ा भूकंप आया था जिसमें 100 से ज़्यादा लोग मारे गए थे।