हम राहुल गांधी के मामले पर नज़र बनाए हुए हैं, अमेरिका की तरफ से जारी हुआ बयान

उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा कि कानून का राज और न्यायिक स्वतंत्रता किसी भी लोकतंत्र की आधारशिला होती है

Publish: Mar 28, 2023, 09:09 AM IST

नई दिल्ली। राहुल गांधी को संसद की सदस्यता अयोग्य करार दिए जाने के मामले की चर्चा भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में हो रही है। अमेरिका की तरफ से एक बयान जारी हुआ है जिसमें बताया गया है कि अमेरिका भी राहुल गांधी के इस मामले पर नज़र बनाए हुए है। 

अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ़ स्टेट के मुख्य उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने सोमवार को एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि हम भारतीय अदालतों में राहुल गांधी के मामले पर नज़र बनाए हुए हैं। बयान में यह भी कहा गया कि अमेरिका भारत की सरकार के साथ लोकतांत्रिक सिद्धांतों और अभिव्यक्ति की आज़ादी सुनिश्चित किए जाने के लिए साझे तौर पर प्रतिबद्ध है।

वेदांत पटेल ने कहा कि कानून के शासन का सम्मान और न्यायिक स्वतंत्रता लोकतंत्र के सबसे अहम पहलू हैं और इसलिए हम भारतीय अदालतों में राहुल गांधी के मामले पर नज़र बनाए हुए हैं। 

राहुल गांधी को गुरुवार को सूरत कोर्ट ने मानहानि के मामले में दोषी करार देते हुए दो वर्ष की सज़ा सुनाई थी। इसके ठीक अगले दिन ही उनकी लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी गई। सोमवार को राहुल गांधी के बंगले पर लोकसभा हाउस कमेटी का नोटिस भी पहुंच गया। जिसमें राहुल गांधी को उनका 12 तुगलक लेन स्थित बंगला खाली करने के आदेश दिए गए।