पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर डटे किसान, आज फिर करेंगे दिल्ली मार्च की कोशिश

सिंघु बॉर्डर, टीकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। किसानों को रोकने के लिए इन सीमाओं पर भी सीमेंट और लोहे की बैरिकेडिंग भी की गई है।

Publish: Feb 14, 2024, 10:20 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली मार्च के लिए पंजाब और हरियाणा के किसान शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। आज फिर यहां से दिल्ली मार्च की कोशिश करेंगे। किसान शंभू और खनौरी बॉर्डर से हरियाणा में घुसने की कोशिश करेंगे। किसान मजदूर मोर्चा के कोऑर्डिनेटर सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि हर हाल में दिल्ली तक जाएंगे।

मंगलवार को पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे थे। इसके बाद हालात बिगड़ गए थे। मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कई जगहों पर बैरिकेड्स तोड़ दिए थे। पुलिस और किसानों के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी। किसान यूनियन की ओर से दावा किया गया कि पुलिस की कार्रवाई में 100 से ज्यादा किसान घायल हुए हैं। 

शंभू बॉर्ड के अलावा सिंघु बॉर्डर, टीकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। किसानों को रोकने के लिए इन सीमाओं पर सीमेंट और लोहे की बैरिकेडिंग भी की गई है। इसके अलावा किसानों को रोकने के लिए कटीले तार और कंटेनर भी रखे गए हैं। किसानों ने मंगलवार शाम को फिर कहा कि वह सुबह फिर दिल्ली में घुसने की कोशिश करेंगे। 

किसानों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर विपक्षी दलों ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस पार्टी ने कहा था कि सरकार किसानों से दुश्मन जैसा व्यवाहर कर रही है। उधर, बढ़ते आंदोलन को देखते हुए हरियाणा के 7 जिलों में इंटरनेट बैन बढ़ाकर 15 फरवरी रात 12 बजे तक कर दिया गया है। यह पाबंदी अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा में लागू रहेगी।

प्रशासन की तरफ से हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर सुबह अनाउंसमेंट किया गया- वो (किसान प्रदर्शनकारी) पागलों की तरह काम कर रहे हैं, हमें लॉजिकली काम करना है। हमें दोगुने उत्साह से काम करना होगा। उन्हें रोकने के लिए पहले हम आंसू गैस के गोले दागेंगे, जरूरत पड़ी तो लाठी चार्ज भी किया जाएगा। इससे पहले शंभू बॉर्डर पर मंगलवार-बुधवार रात भी पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे।