महाकाल लोक से 70 ट्रक गमले गायब, कांग्रेस ने शिवराज सरकार को बताया गमला चोर

गमला चोरी का मामला सामने आने के बाद हमलावर हुई कांग्रेस, सुरजेवाला ने कहा- भाजपा की विदाई से ही चोरी और सीनाज़ोरी का प्रपंच ख़त्म होगा व मध्य प्रदेश बचेगा। आ रही है कांग्रेस, आ रही है जबाबदेह सरकार।

Updated: Sep 06, 2023, 05:36 PM IST

उज्जैन। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों से चौतरफा घिरी हुई है। कांग्रेस के बाद अब स्वयं भाजपा नेता भी ये कहने लगे हैं कि शिवराज सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। कोलारस से भाजपा के विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने विकास कार्यों में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया। ठेकदार 50% कमीशनखोरी के आरोप लगा रहे हैं। शासकीय कार्यों में भ्रष्टाचार के मामले लगातार उजागर हो रहे हैं। इसी बीच अब महाकाल लोक से 70 ट्रक गमले लापता होने की जानकारी सामने आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महाकाल लोक के उद्घाटन समारोह में अक्टूबर में उज्जैन भेजे गए 70 ट्रक गमले लापता हो गए हैं। इन गमलों को नगर निगम के उद्यान विभाग ने उज्जैन भेजा था। कार्यक्रम के बाद इन्हें वापस इंदौर नगर निगम लाया जाना था, लेकिन इन्हें आज तक नहीं लाया गया है। यहां तक कि नगर निगम के उद्यान विभाग में तो इन गमलों और उनमें लगे पौधों को उज्जैन भेजने और वापस लाने के बारे में रिकॉर्ड ही नहीं है। इन गमलों और उनमें लगे पौधों को उज्जैन ले जाने के लिए लाखों रुपए का किराया भी भुगतान किया जा चुका है।

उज्जैन में महाकाल लोक का उद्घाटन 11 अक्टूबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए सजावट का काम इंदौर नगर निगम के अधिकारियों को सौंपा गया था। इसके लिए नगर निगम इंदौर के अधिकारियों ने महाकाल लोक तक सड़क को आकर्षक पौधे लगे गमलों से सजाया था। महाकाल लोक उज्जैन को पौधे लगे गमलों से सजाने के लिए इंदौर नगर निगम द्वारा 70 ट्रकों में भरकर गमले भेजे गए थे, जो गायब हैं।

महाकाल लोक से गमले गायब होने की रिपोर्ट शेयर कर कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, 'पहले “महाकाल लोक” में भयंकर घोटाला किया, अब महाकाल भेजे 70 ट्रक गमले ही “ग़ायब” हो गए। शिवराज जी, भ्रष्टाचार की कितनी भेंट चढ़ेगा मध्यप्रदेश, महाकाल लोक के गेट व मूर्तियों में घोटाला, अब “गमला चोर” भी। भाजपा की “विदाई” से ही “चोरी और सीनाज़ोरी” का प्रपंच ख़त्म होगा व मध्यप्रदेश बचेगा। आ रही है कांग्रेस, आ रही है जबाबदेह सरकार।'