ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल में लगी भीषण आग, 150 मरीजों को बाहर निकालकर बचाई जान
जयारोग्य अस्पताल समूह के कमला राजा हॉस्पिटल (KRH) स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के लेबर रूम के ICU में AC फटने से अचानक आग लग गई। चंद मिनट में वहां धुआं भरने लगा।

ग्वालियर संभाग के सबसे बड़े जयारोग्य अस्पताल समूह के कमला राजा हॉस्पिटल (KRH) स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में देर रात भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह आग लेबर रूम के ICU में AC फटने से लगी। चंद मिनट में वहां धुआं भरने लगा। वहां आसपास 65 प्रसूताएं भर्ती थी। आनन- फानन में वार्ड की खिड़कियां तोड़कर मरीजों को बाहर निकाला गया और सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में पहुंचाया। जहां कुछ मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि देर रात 1.30 बजे के लगभग यह हादसा हुआ है, जिसके बाद मरीजों की शिफ्टिंग का काम सुबह 4 बजे तक चलता रहा है। राहत की बात यह है कि इस आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, धुएं के कारण कई लोगों की स्थिति बिगड़ गई। करीब 150 मरीजों को शिफ्ट किया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान भी पहुंचीं थीं।
यह भी पढ़ें: MP: कैबिनेट मंत्री विजय शाह को मिली जान से मारने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा, आरोपी गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि रात 1.20 बजे अचानक एक AC में ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। लेबर रूम में 16 महिला प्रसूता और उनके नवजात बच्चे थे। पास के रूप में 50 महिलाएं डिलीवरी के लिए भर्ती थीं। उनके पास ही पीडियाट्रिक वार्ड था, जहां नवजात बच्चे भर्ती थे। उनके हालात बेहद नाजुक थे, हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल काम किया और लेबर रूम और आसपास के वार्डों में डिलीवरी के लिए आई 50 से ज्यादा महिला मरीजों को सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
मौके पर मौजूद मरीज के अटेंडरों के मुताबिक वह कुछ समझ पाते, उससे पहले AC के धुएं से दम घुटने लगा। जिसके बाद वे अपने महिला मरीजों और उनके नवजात बच्चो को लेकर भागे। वहीं, अस्पताल के वार्ड बॉय, सिक्योरिटी गार्ड और लोगों ने मिलकर वार्ड की खिड़कियों को तोड़कर मरीजों को बाहर निकाला है। मामले पर कलेक्टर ने कहा है कि सभी मरीज सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है, घटना की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।