ग्वालियर में मामूली विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या, Blinkit डिलीवरी बॉय था मृतक

ग्वालियर के आनंद नगर में मोमोज के ठेले पर विवाद के बाद 28 वर्षीय Blinkit डिलीवरी बॉय विवेक मीणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Updated: Aug 28, 2026, 12:05 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गुरुवार शाम मोमोज के ठेले पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आनंद नगर में दो युवकों ने 28 वर्षीय विवेक मीणा के सिर में कट्टे से बेहद नजदीक से गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

विवेक मीणा नई सड़क बावन पायगा का रहने वाला था और ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। गुरुवार शाम करीब 7 से 7:15 बजे वह आनंद नगर स्थित मोमोज के ठेले पर मौजूद था। इसी दौरान वहां दो युवकों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों युवकों ने कट्टा निकाल लिया और विवेक के सिर में पॉइंट ब्लैंक रेंज से फायर कर दिया।

गोली लगते ही विवेक सड़क पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

विवेक की मौत की खबर फैलते ही उसके साथियों में आक्रोश फैल गया। अस्पताल से जुड़े घटनाक्रम के दौरान नाराज साथियों ने सरकारी एंबुलेंस के कांच पर पत्थर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद मृतक के दोस्तों और साथियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के सामने चक्का जाम कर दिया।

मृतक के बड़े भाई चेतन मीणा बजरंग दल में सहमंत्री हैं। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश के साथ ही आपसी विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है। विरोध प्रदर्शन के दौरान एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आरोपियों की 12 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद साथियों ने जाम समाप्त कर दिया।

बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार के मुताबिक, विवेक की हत्या किसी रंजिश या विवाद के चलते अज्ञात बदमाशों ने की है। पुलिस घटनास्थल के साथ आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।