भोपाल: मजदूरी करने वाली महिला से ठेकेदार ने किया रेप, लिफ्ट देने के बहाने कार में बिठाया फिर किया दुष्कर्म

ठेकेदार ने पहले लिफ्ट देने के बहाने महिला और उसके पति को कार में बिठाया उसके दोनों को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया इसके बाद ठेकेदार ने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

Publish: Aug 22, 2023, 05:45 PM IST

Image courtesy- ETV
Image courtesy- ETV

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से महिलाओं की सुरक्षा पर प्रश्न चिन्ह लगाने वाली घटना सामने आई है। यहां रातीबड़ थाना क्षेत्र के जंगल में एक ठेकेदार ने एक मजदूर की पत्नी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी ने समसगढ़ के नजदीक केकड़िया गांव के जंगल में नशीला पदार्थ पिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक केकड़िया गांव में रहने वाली महिला और उसका पति रविवार को मजदूरी के लिए पैदल दूसरे गांव जा रहे थे। तभी रास्ते में ठेकेदार संतोष ने दोनों को कार से गांव तक छोड़ने की बात कही। इसके बाद पीड़िता, और उसका पति कार में बैठ गए। कार में ठेकेदार ने महिला के पति को शराब और महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशे की दवा मिला कर पिला दी। जिससे दोनों बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी ठेकेदार कार से दोनों को लेकर केकड़िया के जंगल में ले गया। यहां उसने बेहोश हो चुकी महिला के साथ रेप किया और उसके बाद दोनों को बेहोशी की हालत में जंगल में ही छोड़कर भाग गया। 

सोमवार को महिला और उसके पति ने रातीबढ़ पुलिस थाने में ठेकेदार संतोष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला ने पुलिस को बताया कि ठेकेदार ने नशीले मिलाकर बेहोश कर दिया। और मेरे साथ दुष्कर्म करने के बाद हम दोनों को जंगल में छोड़कर भाग गया। नशीले पदार्थ का असर कम होने के बाद हम दोनों जैसे तैसे घर पहुंचे।  

रातीबड़ पुलिस थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता और उसका पति मजदूरी करते हैं। वे मजदूरी के लिए अपने गांव से दूसरे गांव जाते हैं। दोनों आरोपी ठेकेदार संतोष को पहले से जानते हैं। महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी ठेकेदार संतोष की तलाश कर रही है।