कांग्रेस के प्रदर्शन में मंच टूटने का मामला, कमजोर मंच बनाने वाले टेंट हाउस संचालक पर FIR
टेंट हाउस संचालक चंद्रशेखर तिवारी का कहना है कि मंच की क्षमता 100 लोगों की थी लेकिन उससे अधिक लोग बैठे हुए थे इस वजह से मंच टूट गई।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान मंच टूटने का मामला गरमा गया है। टीटीनगर पुलिस ने मंगलवार रात कांग्रेस की शिकायत पर टेंट हाउस संचालक चंद्रशेखर तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज किया है। तिवारी पर कमजोर मंच बनाने का आरोप है।
टीटी नगर थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया ने बताया कि कांग्रेस की ओर से दिए गए शिकायती आवेदन में बताया गया कि आरोपी चंद्रशेखर ने कमजोर मंच बनवाया। इसका परिणाम यह हुआ कि मंच लोगों का भार नहीं सह सका और टूट गया।
यह भी पढ़ें: भोपाल में किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, विधानसभा की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने चलाया वाटर कैनन
मामले पर टेंट हाउस संचालक चंद्रशेखर तिवारी का कहना है कि उन्हें 100 लोगों के बैठने के हिसाब से मंच बनाने का टेंडर दिया गया था। जबकि मंच पर क्षमता से काफी ज्यादा लोग चढ़ गए थे। नतीजतन मंच टूट गया। तिवारी संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष हैं और RSS से जुड़े हुए हैं।
दरअसल, बजट सत्र के पहले दिन किसान कांग्रेस राज्य सरकार के खिलाफ कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही थी। इस दौरान भोपाल के रंगमहल चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में मंच टूट गया। हादसे में किसान कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान समेत 10 से ज्यादा कांग्रेस नेता घायल हुए थे। इस हादसे में कांग्रेस उपाध्यक्ष राजीव सिंह को गंभीर चोटें आई थी और उनका ऑपरेशन करना पड़ा। सिंह की हालत फिलहाल स्थिर है और वह ICU में भर्ती हैं।