किसानों को CM मोहन यादव का बड़ा तोहफा, धान की खेती पर प्रति हेक्टेयर 4000 रुपए मिलेंगे
मध्य प्रदेश के किसानों के मोहन सरकार ने एक फिर से बड़ा तोहफा दिया है। धान की खेती करने किसानों को प्रति हेक्टेयर 4000 रुपए मिलेंगे।

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को बड़ी सौगात दी है। सीएम ने कहा कि प्रदेश के धान उत्पादक किसानों को धान की खेती पर प्रति हेक्टेयर 4000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए यह ऐतिहासिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के किसानों को धान उपार्जन पर प्रोत्साहन राशि के लिए बधाई भी दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि धान उत्पादक पात्र किसानों को धान उपार्जन किए जाने पर प्रति हेक्टेयर 4 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि देने का अहम फैसला लिया गया है। राज्य सरकार संकल्प पत्र के अनुसार जन कल्याण के महत्वपूर्ण निर्णय लगातार ले रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना भी किसानों के लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने में सहायक साबित होगी। मध्य प्रदेश की समृद्धि में ऐसी परियोजनाएं महत्वपूर्ण होंगी।
यह भी पढ़ें: राघौगढ़ में टांट्या भील की प्रतिमा अनावरण पर रोक, दिग्विजय सिंह बोले- स्वतंत्रता सेनानी की मूर्ति लगाना अपराध नहीं
सीएम यादव ने कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों को भी प्रति क्विंटल 175 रुपये अतिरिक्त बोनस राशि दी जाएगी। प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत साल 2024 में 6.69 लाख किसानों ने 12.2 लाख हेक्टेयर रकबे में धान की खेती की है। धान उत्पादक किसानों को मुख्यमंत्री कृषक प्रोन्नति योजना में प्रति हेक्टेयर 4000 रुपये का लाभ मिलेगा। इससे प्रदेश के किसानों को 488 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों को भी समर्थन मूल्य 2425 रुपये के अतिरिक्त 175 रुपये प्रति क्विंटल की बोनस राशि दी जाएगी। इस प्रकार गेहूं के उपार्जन पर प्रति क्विंटल 2600 रुपये की राशि मिलेगी। इस साल प्रदेश में 80 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन अनुमानित है। प्रदेश के किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस के रूप में मिलने से लगभग 1400 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि का लाभ होगा।