पुलिस वाहनों और एंबुलेंस में एक स्थान से दूसरे स्थानों पर शराब और पैसा भिजवा रही भाजपा: कांग्रेस

कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ कर्मचारियों के असंतोष को देखते हुए ताबड़तोड़ कर्मचारियों की लगाई चुनावी ड्यूटी, उन्हें डाक मत पत्र भी आज तक नहीं दिए, मताधिकार से उन्हें किया जा रहा है वंचित

Updated: Nov 15, 2023, 04:04 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने में अब 48 घंटे से भी कम समय शेष हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी। इसी बीच अब प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर पैसे शिफ्ट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाए हैं कि भाजपा पुलिस वाहनों और एंबुलेंस में एक स्थान से दूसरे स्थानों पर शराब और पैसा भिजवा रही है।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बुधवार को आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा पुलिस वाहनों और एंबुलेंस का दुरुपयोग कर इनके माध्यम से पैसा और शराब बंटवा रही है, लिहाजा एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की भी चेकिंग कराई जाए। मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के प्रदेश सरकार के खिलाफ व्याप्त असंतोष को देखते हुए भाजपा और राज्य सरकार ने चुनाव आयोग पर बेजा दबाव बनवाकर कई जिलों में ताबड़तोड़ तरीके से सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी तो लगवा दी है। किंतु उन्हें उनके मताधिकार से वंचित करने का षड्यंत्र भी रच लिया है, चुनाव आयोग से शिकायत करने के बाद भी उन्हें डाक मत पत्र आज तक नहीं दिए गए हैं, जो न्यायोचित नहीं है। यदि इन कर्मचारियों को मतदान के अधिकार से वंचित रखा गया तो उसकी जवाबदेही निर्वाचन आयोग की हो होगी।

मिश्रा ने यह भी कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर विशेषकर ग्वालियर-चंबल संभाग और नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह के निर्वाचन क्षेत्र लहार में प्रभावी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है, यहां तक कुछेक की तो देर रात गिरफ्तारी भी कर ली गई है। सरकार चाहती है कि भाजपा के इस अनावश्यक दबाव से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल ध्वस्त कर दिया जाए किंतु उसके नापाक मंसूबे पूरे नही होंगे।

मिश्रा ने जिला और पुलिस प्रशासन को तीखे शब्दों में चेतावनी दी है कि वे मात्र कुछ घंटे बाद विदाई के मुहाने पर खड़ी भाजपा साकार की चापलूसी त्याग कर अपनी जवाबदेही संविधान के प्रति रखें तो आने वाला कल उनके लिए बेहतर होगा अन्यथा उन्हें परिणाम भुगतने से कोई भी बचा नहीं सकेगा।