खजुराहो में भाजपा नेता की गुंडागर्दी, बुजुर्ग पुजारी को लाठी-डंडों से पीटा, FIR दर्ज

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि भगवा कपड़े पहने पुजारी महेंद्र नायक को दो लोग लाठियों से पीट रहे है। इस दौरान भीड़ भी नजर आ रही है।

Updated: Jul 24, 2025, 09:14 AM IST

खजुराहो। खजुराहो के चंद्रनगर में भाजपा नेता श्रीराम दुबे की गुंडागर्दी देखने को मिली है। दुबे ने यहां 60 साल उम्र के एक बुजुर्ग पुजारी के साथ बेरहमी से मारपीट की। बुजुर्ग पर बर्बर तरीके से लाठी-डंडे बरसाए। मारपीट का आरोप भाजपा नेता श्रीराम दुबे और उसके भाई दिप्पू दुबे पर लगा है।

घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है जिसका वीडियो बुधवार को सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि भगवा कपड़े पहने पुजारी महेंद्र नायक को दो लोग लाठियों से पीट रहे है। इस दौरान भीड़ भी नजर आ रही है। बाइक भैंसों से टकराने के बाद आरोपियों ने अपना गुस्सा बुजुर्ग पर निकाला। 

इतना ही नहीं बुजुर्ग को डंडों से पीटने के बाद आरोपी उनके खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कराने चंद्रनगर पुलिस चौकी पहुंच गए। आरोपी श्रीराम दुबे भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा है और वह भाजयुमो का नगर अध्यक्ष भी रह चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बुजुर्ग महेंद्र नायक ने भैंस को भगाया था। ये भैंस आरोपी दीप्पू दुबे की बाइक से टकरा गई और वह गिर पड़ा।

इसके बाद महेंद्र नायक और दीप्पू के बीच कहासुनी हुई। इसी विवाद में दीप्पू ने अपने भाई रामजी दुबे को बुला लिया और दोनों ने मिलकर बुजुर्ग की पिटाई कर दी। जिससे उसके पैर और पीठ में गंभीर चोटें आई है।महेंद्र नायक का हाल ही में हर्निया का ऑपरेशन हुआ था। वे घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। घटना के सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा। एसपी अगम जैन ने इसे गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने चौकी प्रभारी को वीडियो की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। आरोपी श्रीराम दुबे और दिप्पू दुबे के खिलाफ चंद्रनगर पुलिस चौकी में धारा 296, 115 (2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं।