केंद्रीय मंत्री सिंधिया की प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार, दो घंटे इंतजार के बाद भड़के पत्रकार
कलेक्टोरेट में दिशा की बैठक में देरी होने की वजह से सिंधिया लेट हो गए थे। तय समय में दो घंटे देरी के कारण पत्रकार भड़क गए और प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर चले गए।
अशोकनगर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों मध्य प्रदेश दौरे पर हैं। शनिवार को शिवपुरी में सिंधिया पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था। वहीं, रविवार को अशोकनगर में सिंधिया के रवैए से पत्रकार भड़क गए। पत्रकारों ने सिंधिया की प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार कर दिया। दो घंटे प्रेसवार्ता के लिए इंतजार करने के बाद पत्रकारों ने यह फैसला लिया।
दरअसल, रविवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर पहुंचे थे। यहां उन्होंने कलेक्टोरेट में दिशा की बैठक ली। बैठक में देरी होने की वजह से वे प्रेस कॉन्फ्रेंस में लेट पहुंचे। सिंधिया के आने से पूर्व ही दो घंटे इंतजार करने के बाद पत्रकारों ने प्रेसवार्ता का बहिष्कार कर दिया था।
हालांकि, कलेक्टोरेट के बाहर एसडीएम, एसडीओपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने पत्रकारों को मनाने की कोशिश की थी। लेकिन पत्रकार प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम की जगह कलेक्टोरेट के बाहर सिंधिया से चर्चा पर अड़े रहे। बाद में पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी द्वारा काफी विनती करने के बाद कुछ मीडियाकर्मी मान गए। तब जाकर ज्योतिरादित्य सिंधिया की पीसी शुरू हुई। हालांकि, इसके बाद भी काफी पत्रकारों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया।
बता दें कि सिंधिया के दौरे के बीच उनके बयान से विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई है। सिंधिया ने विजयपुर उपचुनाव में हार को लेकर कहा था कि उन्हें प्रचार के लिए नहीं बुलाया गया। हालांकि, भाजपा संगठन ने इसका खंडन किया है।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री और विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि विजयपुर के स्टार प्रचारकों की सूची में सिंधिया का नाम था। सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद ने उन्हें विजयपुर में आने के लिए आग्रह किया था। सिंधिया ने अपनी व्यस्तता के चलते नहीं आ पाने की बात कही थी। ऐसा नहीं है कि उनको नहीं बुलाया गया था। उनको आमंत्रित किया गया था लेकिन वह नहीं आए।