छतरपुर में दबंगों ने आदिवासी किसान को पीट-पीटकर मार डाला, बेटी की सगाई से पहले उठी अर्थी
मृतक के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी रामदेवी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी नेहा की 27 मार्च को सगाई और 25 अप्रैल को शादी तय थी।
छतरपुर। मध्य प्रदेश में दलित आदिवासियों के साथ अत्याचार की घटनाएं नहीं थम रही हैं। छतरपुर जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां कथित उच्च जाति दबंगों ने एक आदिवासी किसान की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
घटना मंगलवार देर शाम की है, जब गांव के बाहर सड़क पर आरोपी ने किसान पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक श्याम आदिवासी ग्राम झिंगरी, पंचायत झिंगरी, पोस्ट गोरखपुर, थाना भगवां का निवासी था। उस पर पड़ोसी गांव भातपुरा निवासी पुष्पेंद्र सिंह उर्फ राजा ने हमला किया।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच आरोपी ने रास्ते में रोककर किसान को बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन घायल को भगवां थाने लेकर पहुंचे, जहां से उसे बड़ामलहरा अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया। देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय मृतक के साथ उसका 10-12 वर्षीय भतीजा मौजूद था, जिसने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। वह इस मामले का अहम प्रत्यक्षदर्शी है। मृतक के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी रामदेवी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी नेहा की 27 मार्च को सगाई और 25 अप्रैल को शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।




