दलित-पिछड़ों को गुलाम बनाया जा रहा, संविधान खत्म हुआ तो कुछ नहीं बचेगा, महू में बोले राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले इन्होंने संविधान को रद्द करने की कोशिश की। इन्होंने कहा कि 400 सीटें आएंगी तो हम संविधान बदल देंगे।

महू। संविधान निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर की जन्मस्थली महू में कांग्रेस ने आज बड़ी रैली की। इस 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि संविधान खत्म हुआ तो कुछ नहीं बचेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित-पिछड़ों को गुलाम बनाया जा रहा है।
रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले इन्होंने संविधान को रद्द करने की कोशिश की। इन्होंने कहा कि 400 सीटें आएंगी तो हम संविधान बदल देंगे। उनके सामने हम खड़े हुए और लोकसभा में 400 पार छोड़ो उन्हें सदन में मत्था टेककर घुसना पड़ा। जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया, उस दिन देश के गरीबों के लिए कुछ नहीं बचेगा। दलितों-आदिवासियों-पिछड़ों के लिए देश में कुछ नहीं बचेगा। इनका यही लक्ष्य है।
यह भी पढे़ं: महू में आज कांग्रेस का मेगा शो, अंबेडकर की धरती से राहुल गांधी भरेंगे हुंकार
राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई संविधान, बीजेपी और आरएसएस के बीच है। ये चाहते हैं कि आजादी से पहले जैसा था वैसा ही अब भी हो। गरीबों के हाथ कुछ न आए। आगे का रास्ता क्या है। सबसे पहले आप एक चीज नोट कीजिए। अस्पताल निजी हाथों में जाते हैं। आप अस्पताल जाओ, लाखों रुपए अरबपतियों को दो, बच्चों को कॉलेज भेजो, लाखों रुपए अरबपतियों को दो। ये सोचकर कि सर्टिफिकेट मिलेगा। मगर जो सर्टिफिकेशन आपको मिल रहा है, बिना रोजगार के वो कचरा है। ये देश की सच्चाई है।
राहुल गांधी ने कहा कि आईआईएम, आईआईटी के लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। आपको कहां से मिलेगा। आपको गुलाम बनाया जा रहा है। दलितों को, पिछड़ों को, गरीब जनरल कास्ट के लोगों को एक बार फिर गुलाम बनाया जा रहा है। आप देखते जा रहे हो। आपकी लाइफ बर्बाद हो रही है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि देश का बजट 90 अफसर बनाते हैं। यही अफसर डिसाइड करते हैं कि किस स्टेट को कितना पैसा देना है। राहुल ने कहा कि इन अफसरों में 5 फीसदी भी दलित-आदिवासी और पिछड़े नहीं हैं। जबकि पिछड़ों की आबादी 50 फीसदी है।
राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी आप देते हो, मेहनत आप करते हो। पैसा आप खर्च करते हो और चाइना का माल अडाणी-अंबानी हिंदुस्तान में बेचते हैं। चाइना के युवाओं को रोजगार मिलता है। अडाणी-अंबानी को फायदा होता और आपके बच्चों रोजगार छीना जाता है। इंटरनेशनल मार्केट में पेट्रोल के दाम कम होते हैं, लेकिन हिंदुस्तान में पेट्रोल का रेट कभी नीचे नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी जी जातिगत जनगणना कराने से डरते हैं। वे कभी नहीं कराएंगे। 50 फीसदी आरक्षण की दीवार को हम लोकसभा-राज्यसभा में तोड़ देंगे। हम आरक्षण 50 परसेंट से ज्यादा करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर कानून बनाकर इसे करेंगे।
राहुल गांधी ने मीडिया पर हमला बोलते हुए कहा कि ये जो मीडिया के लोग कैमरा लिए घूम रहे हैं- ये आपके नहीं हैं, ये अडानी-अंबानी का मीडिया है। आप भूखे मर जाएं, आपके बच्चे भूखे मर जाएं, किसान आत्महत्या कर लें, लेकिन मीडिया को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, ये अडानी-अंबानी की शादी दिखाएंगे। ये मीडिया वाले उनके हैं, उनकी नौकरी करते हैं। ये कभी हिंदुस्तान के किसानों-मजदूरों, बेरोजगार युवाओं की बात नहीं करेंगे। मीडिया में अफगानिस्तान और पाकिस्तान की बात होगी, लेकिन हिंदुस्तान के किसानों और मजदूरों की बात नहीं होगी। ये लोग हिंदुस्तान को डराने में लगे हैं कि देखो अफगानिस्तान में क्या हो रहा है... लेकिन ये नहीं बताएंगे कि हिंदुस्तान में क्या हो रहा है।