जर्मनी के स्टेड में अंधाधुंध गोलीबारी, 5 की मौत, दो संदिग्ध गिरफ्तार
उत्तरी जर्मनी के स्टेड शहर में सोमवार को एक यूथ वेलफेयर फैसिलिटी में हुई अंधाधुंध फायरिंग में 5 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं। पुलिस ने मुख्य शूटर समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
उत्तरी जर्मनी के स्टेड शहर में सोमवार को एक यूथ वेलफेयर फैसिलिटी में हुई सामूहिक गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि, कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक को शुरुआती जांच में मुख्य शूटर माना जा रहा है। फिलहाल हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग की घटना स्टेड शहर के डैंकर्सश्ट्रासे (Dankersstrasse) स्थित एक युवक कल्याण केंद्र में हुई। यह केंद्र गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ रहने वाली युवा माताओं को अस्थायी आवास और सहायता उपलब्ध कराता है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों में सभी वयस्क शामिल हैं। हालांकि, उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। घायलों की संख्या को लेकर भी अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
यह भी पढ़ें:CBSE ने छात्रों को दी बड़ी राहत, दो विदेशी भाषा के साथ जारी रख सकेंगे पढ़ाई
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया और लोगों से घटनास्थल के आसपास न जाने की अपील की गई। बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है और आम नागरिकों के लिए अब किसी तरह का खतरा नहीं है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिया गया एक व्यक्ति गोली चलाने का मुख्य आरोपी माना जा रहा है। जबकि, दूसरे व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे क्या कारण था और घटना किन परिस्थितियों में हुई।
यह भी पढ़ें:पुणे रेप-मर्डर मामले में बड़ा फैसला, कोर्ट ने 65 वर्षीय आरोपी को सुनाई फांसी की सजा
करीब 50 हजार की आबादी वाला स्टेड शहर हैम्बर्ग से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित है। जर्मनी में हथियारों को लेकर कानून अमेरिका की तुलना में काफी सख्त हैं। इसलिए इस तरह की सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं अपेक्षाकृत कम होती हैं। इसके बावजूद हाल के सालों में देश में कई हाई प्रोफाइल शूटिंग की घटनाएं सामने आई हैं। साल 2023 में हैम्बर्ग स्थित यहोवा विटनेस (Jehovah's Witnesses) के प्रार्थना स्थल पर हुई गोलीबारी में छह लोगों की मौत हो गई थी। जिसके बाद हमलावर ने भी आत्महत्या कर ली थी। वहीं, 2016 में म्यूनिख में एक 18 वर्षीय युवक ने नौ लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
दुनिया के अन्य हिस्सों में भी हाल के दिनों में कई सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में हुई फायरिंग में 12 लोगों की जान गई और नौ अन्य घायल हुए थे। जबकि, होंडुरास में दो अलग-अलग हमलों में 25 लोगों की मौत हुई थी। अमेरिका के लुइसियाना में एक व्यक्ति ने आठ बच्चों की हत्या कर दी थी। वहीं, तुर्किये में 13 वर्षीय छात्र द्वारा स्कूल में की गई गोलीबारी में चार लोगों की जान चली गई थी। इसके अलावा अमेरिका के टेक्सास राज्य के ऑस्टिन शहर में एक बार में हुई सामूहिक फायरिंग में तीन लोगों की मौत और 14 लोग घायल हुए थे।
यह भी पढ़ें:भोपाल की जुड़वा बहनों ने रचा इतिहास, दुनिया की सबसे कम उम्र की फीमेल ड्रमर बनीं




