12 हफ्तों में बालों की ग्रोथ बढ़ाने में मदद कर सकता है मोरिंगा, जानिए सेवन और इस्तेमाल का सही तरीका
बालों की तेजी से ग्रोथ और मजबूती के लिए मोरिंगा एक अचूक प्राकृतिक उपाय बनकर उभरा है। विशेषज्ञों के अनुसार, रोज सुबह खाली पेट पानी में एक चम्मच मोरिंगा पाउडर लेने से महज 12 हफ्तों में बाल लंबे, घने और मजबूत हो सकते हैं।
बालों की तेजी से ग्रोथ और उनकी मजबूती के लिए लोग अक्सर नारियल, आर्गन या दूसरे हेयर ऑयल का इस्तेमाल करते हैं लेकिन अब मोरिंगा को भी एक असरदार प्राकृतिक उपाय माना जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सिर्फ बालों पर लगाने के बजाय अगर मोरिंगा पाउडर का नियमित सेवन किया जाए तो करीब 12 हफ्तों में बालों की सेहत में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। यह पौधा न केवल बालों की बनावट सुधारने में मदद करता है बल्कि उन्हें मजबूत और चमकदार बनाने में भी सहायक माना जाता है।
मोरिंगा को वैज्ञानिक भाषा में मोरिंगा ओलीफेरा कहा जाता है। मुख्य रूप से यह हिमालयी क्षेत्रों में पाया जाता है। लंबे समय से इसका उपयोग सूजन कम करने, वजन नियंत्रित करने, त्वचा को स्वस्थ रखने और कोलेस्ट्रॉल कम करने जैसे कई घरेलू उपचारों में किया जाता रहा है। इसके पत्तों और बीजों में भरपूर मात्रा में विटामिन, अमीनो एसिड और फैटी एसिड पाए जाते हैं जो बालों और स्कैल्प को पोषण देने का काम करते हैं।
यह भी पढ़ें:भोपाल में IPS अफसर की बेटी ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे पर लटका मिला शव
विशेषज्ञ बताते हैं कि मोरिंगा में मौजूद अमीनो एसिड जैसे आर्जिनिन, मेथियोनिन और लाइसिन बालों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ये तत्व बालों को टूटने से बचाने, उन्हें लंबा और घना बनाने तथा स्कैल्प में नमी बनाए रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा यह स्कैल्प की सूजन कम कर रक्त संचार बेहतर करता है। जिसकी वजह से हेयर फॉलिकल्स को पोषण मिलता है और बालों की ग्रोथ तेज हो सकती है।
मोरिंगा का उपयोग कई तरीकों से किया जा सकता है। कुछ लोग इसे दही के साथ मिलाकर हेयर मास्क बनाते हैं। जबकि, कुछ नारियल तेल में मिलाकर हेयर ऑयल तैयार करते हैं। हालांकि, इसे सबसे प्रभावी तरीके से इस्तेमाल करने के लिए रोज सुबह खाली पेट एक गिलास पानी में एक चम्मच मोरिंगा पाउडर मिलाकर पीने की सलाह दी जाती है। नियमित सेवन के साथ यदि सप्ताह में एक या दो बार मोरिंगा युक्त हेयर ऑयल या मास्क का उपयोग किया जाए तो बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें:MP: सामूहिक विवाह से दुल्हनें गायब, देवास में 42 युवकों से हुई ठगी
बालों के अलावा मोरिंगा को एक सुपरफूड भी माना जाता है। इसमें विटामिन ए, सी और ई के साथ पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। यह शरीर में फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान को कम करने, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रखने, लिवर की सुरक्षा करने और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में भी मददगार माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि मोरिंगा को स्मूदी, जूस, सूप और सलाद में मिलाकर भी डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है। हालांकि, बालों की बेहतर ग्रोथ और शरीर को संपूर्ण लाभ देने के लिए इसका सेवन सबसे प्रभावी तरीका माना जाता है।




