आगर में गरबा को लेकर दो पक्षों में विवाद, जमकर चले लट्ठ, 9 घायल

गरबा के लिए दलित समुदाय के लोगों ने बाहर से दो लड़कियों को बुलाया था, दबंगों ने फूहड़ डांस करने का आरोप लगाते हुए शुरू किया विवाद, दोनों पक्षों के बीच हुई भिड़ंत

Updated: Oct 03, 2022, 05:32 AM IST

आगर। मध्य प्रदेश के आगर जिले में गरबा कार्यक्रम को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प शुरू हो गई। इस दौरान जमकर लट्ठ चले। मारपीट में करीब 9 लोग घायल हो गए हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया जो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस FIR दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक जिले कांकर गांव में दलितों की ओर से दुर्गा माता की प्रतिमा स्थापित की गई है। शनिवार को यहां गरबा करने के लिए दो लड़कियों को बाहर से बुलाया गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। दबंगों के मुताबिक माता के पंडाल में फूहड़ डांस किया जा रहा था। रोकने के लिए बातचीत करने गए थे तो अनुसूचित जाति के लोग मारपीट पर उतारू हो गए। यहां तक कि महिलाओं ने भी चप्पल उठाकर मारी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।

वहीं, अनुसूचित जाति के लोगों का कहना है कि गरबे में दबंग लोग नशे में धुत होकर आ गए। वे लड़कियों पर पैसे उड़ाने लगे। ये बात लोगों को नागवार गुजरी। इसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट की गई। रात में विवाद हुआ था। जैसे-तैसे रात को मामला शांत हो गया। सुबह इसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया।

एएसपी नवल सिंह सिसोदिया ने इस मामले में बताया कि गरबा करने के लिए लड़कियों को बुलाने की बात पर विवाद हुआ है। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।