MP: ट्राइबल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग, 60 छात्राएं बीमार, 6 की हालत गंभीर

अनूपपुर जिले के अमरकंटक में इंदिरा गांधी नेशनल ट्राइबल यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल की 60 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। मेस का खाना खाने के बाद छात्राओं को सिरदर्द, पेटदर्द और उल्टियां होने लगीं।

Updated: Feb 25, 2025, 02:20 PM IST

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में सोमवार रात मेस में खराब खाना खाने से 60 छात्राएं बीमार हो गईं। इनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

सोमवार देर रात सभी को कैम्पस के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों का कहना है कि सभी को फूड पॉइजनिंग हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि करीब 100 छात्राओं को कैंपस के अस्पताल में लाया गया था। इनमें से 2 से 3 छात्राओं को छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिला अस्पताल रेफर किया है।

यह भी पढ़ें: गुना में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 ट्रॉली अवैध रेत, JCB और ब्लास्टिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त

छात्राओं का कहना है कि आलू की सब्जी खाने से सब बीमार हुए हैं। इसके पहले भी मेस में बने खाने को लेकर नाराजगी जताई थी। मेस के खाने में कीड़े भी मिल चुके हैं। वहीं, मंगलवार को मेस का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें काफी गंदगी दिखाई दे रही है।

विश्वविद्यालय की छात्राओं ने बताया कि सोमवार रात के खाने में आलू गोभी की सब्जी, चावल, रोटी और दाल बनी थी। रोजाना की तरह सभी ने खाना खाया। रात करीब 11 बजे एक के बाद एक सभी छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी।

विश्वविद्यालय के पीआरओ रजनीश त्रिपाठी ने कहा कि फूड पॉइजनिंग का मामला था। ज्यादा जानकारी मुझे भी नहीं है। कितने बच्चों को रेफर किया, इस बारे में पता नहीं है। रजिस्ट्रार और मेस वार्डन के साथ बैठक कर जांच कमेटी बनाई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।