पुलिस के डर से चलते कूलर में जा छिपा शातिर चोर, गैंग बनाकर दुकानों में करता था चोरी

देवास के कन्नौद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोरों की गैंग और उनसे सामान खरीदने वाले कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है।

Publish: Sep 02, 2023, 04:50 PM IST

Image courtesy-  Naidunia
Image courtesy- Naidunia

देवास। मध्य प्रदेश के देवास में बीते हफ्ते लगातार स्कूल और दुकानों से चोरी की शिकायतें आ रही थीं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चोरों की धड़पकड़ शुरु की। पुलिस ने चोरों की एक पूरी गैंग को शहर के विभिन्न ठिकानों से खोज निकाला। तभी खातेगांव के एक शातिर चोर को पकड़ने पुलिस पहुंची तो वह चोर बचने के लिए चालू कूलर के अंदर छिप गया। लेकिन फिर भी पुलिस की नजरों से नहीं बच पाया।

 दरअसल कुसमानिया क्षेत्र के स्कूल व दुकानों में लगातार चोरी हो रहीं थीं। पुलिस इस मामले में  छानबीन करने पहुंची थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कुसमानिया के 19 साल के राजेश नाम के एक चोर  को गिरफ्तार किया। राजेश ने अपने अन्य साथियों का नाम और पता बताया। पुलिस बताए हुए पतों पर पहुंची।

पुलिस राजेश के साथी अजय (कालू) सिंह के घर पहुंची तो पुलिस के डर से अजय चालू कूलर में छिप गया।  लेकिन फिर भी वह पुलिस की नजरों से नहीं बच पाया। कन्नौद थाना टीआई तहजीब काजी ने बताया कि अजय उर्फ कालू चोरी का माल इधर उधर करता था। जब पुलिस पकड़ने गई तो वह कूलर में छिप गया। तलाश करने के बाद उसे कूलर से बाहर निकाल कर थाने लाया गया।

पुलिस ने जब उससे पूछा कि इस तरह क्यों छिप रहे थे, तो उसने कहा कि कल मेरी किसी से लड़ाई हो रही थी। उसने मेरे खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। इस वजह से मैं गिरफ्तारी के डर से कूलर में छिप गया। पुलिस ने चोरों के पास से गाड़ी, वाहनों की बैट्री सहित 5 लाख रुपए का अन्य सामान भी जब्त किया।

इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर गैंग के अन्य सदस्य रामविलास,रूपेश उर्फ चित्रा और चोरी का माल खरीदने और बेचने वाले कन्नौद के कबाड़ी अरशद उर्फ गोलू व जाकिर के गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड ले ली है। अब इनसे शहर के बाकी चोरों के बारे में पूछताछ की जाएगी।