शिवपुरी में सरकारी टीचर के घर EOW की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति मामले में हो रही है छानबीन

EOW की टीम शिक्षक के घर में मौजूद है और उनके दस्तावेजों की जांच कर रही है। टीम उनके बैंक खातों, संपत्ति के कागजात और अन्य वित्तीय लेन-देन के कागज चैक कर रही है।

Updated: Feb 05, 2025, 04:19 PM IST

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी से बड़ी खबर सामने आई है। शिवपुरी के भौंती कस्बे में EOW की टीम ने एक सरकारी शिक्षक के घर छापा मारा है। केडर गांव में कार्यरत शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 6 बजे जब शिक्षक और उनका परिवार सो रहा था, तभी ग्वालियर EOW की टीम ने उनके घर दस्तक दी। EOW की टीम शिक्षक के घर में मौजूद है और उनके दस्तावेजों की जांच कर रही है। टीम उनके बैंक खातों, संपत्ति के कागजात और अन्य वित्तीय लेन-देन के कागज चैक कर रही है। 

यह भी पढ़ें: कोरोना महामारी में काम छूटा तो मॉडल छापने लगा नकली नोट, इंदौर में जाली नोटों का बड़ा रैकेट पकड़ाया

फिलहाल EOW की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है। टीम में डीएसपी दामोदर गुप्ता, निरीक्षक जय सिंह यादव, निरीक्षक शैलेन्द्र राजावत के साथ लाइन का पुलिस बल मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि भौंती कस्बे के निवासी शिवम गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के पास उनकी आय से अधिक संपत्ति है।

शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया भिंड जिले के रहने वाले हैं। सालों पहले वह भौंती में आकर बस गए थे। सुरेश वर्ग तीन के शासकीय शिक्षक है, जो कैडर गांव के प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ हैं। टीचर बनने के पहले सुरेश राशन की दुकान चलाते थे। फिर वो जमीन खरीदी का काम भी करने लगे थे।

हाल ही में भदौरिया भौंती थाना की जमीन को अपना बता कर कब्जा कर लिया था। उन्होंने कोर्ट में दावा भी किया था, लेकिन एक महीने पहले ही वह कोर्ट से केस हार गए। इसके बाद प्रशासन अब कब्जे पर से अतिक्रमण हटाने की तैयारी में हैं।