प्रताड़ना से तंग आकर BJP के दलित नेता ने दी आत्महत्या की चेतावनी, न्याय दिलाने आगे आए दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने सीएम यादव से अनुरोध किया है कि वे इस पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए भाजपा नेता अशोक माहौर से बात कर समझाइश दें कि उन्हें आत्म हत्या जैसे कदम उठाने की बात नहीं करना चाहिए।

Updated: Mar 08, 2025, 07:01 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा नगर परिषद अध्यक्ष भाजपा नेता अशोक माहौर के साथ हो रहे दुर्व्यवहार और प्रताड़ना के मामले में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है।

इस मामले में अशोक माहौर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल करते हुए ठेकेदार और अधिकारियों से प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा है कि तंग आकर उन्हें आत्महत्या करने तक की चेतावनी देनी पड़ी है।

यह भी पढे़ं: SC-ST वर्ग के किसानों को दी जाने वाली विद्युत कनेक्शन योजना भ्रष्टाचार, दिग्विजय सिंह ने सीएम यादव को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह ने कहा है कि यह मामला बहुत ही गंभीर है और इसमें तुरंत कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार से अनुरोध किया है कि वह इस मामले की जांच कराएं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें।

पूर्व सीएम ने यह भी कहा है कि मध्य प्रदेश में दलितों और वंचित वर्गों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार और प्रताड़ना के मामलों में सरकार को अधिक संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा है कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसे मामलों में तुरंत दिखाई दी जाने वाली कार्रवाई की जाए और दोषियों को सजा मिले।

दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से अनुरोध किया है कि वे इस पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए भाजपा नेता अशोक माहौर से बात कर समझाइश दें कि उन्हें आत्म हत्या जैसे कदम उठाने की बात नहीं करना चाहिए। तथा ऐसे अधिकारी और ठेकेदारों के गठजोड़ जो पैसे उगाहने के लोभ में जनता द्वारा चुने हुए प्रतिनिधि को प्रताड़ित करते हैं व विकास की राह अवरुद्ध करते हैं उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्यवाही करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा है कि सरकार यह सुनिश्चित करे कि अशोक माहौर को न्याय मिले।