रायसेन में भीषण सड़क हादसा, बस पलटने से 37 तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल

एक ही मोड़ पर बार-बार हो रहे सड़क हादसे, नहीं चेत रहा प्रशासन, गुरुवार सुबह गंगासागर की तीर्थ यात्रा कर लौट रही बस पलटने से 37 लोग घायल

Updated: Jan 26, 2023, 09:47 AM IST

रायसेन। मध्य प्रदेश में सड़क हादसे खासकर बस पलटने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। गुरुवार सुबह रायसेन जिले में एक बस पलटने से 37 तीर्थयात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह बस गंगासागर की तीर्थ यात्रा कर लोग लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह 10 बजे तीर्थ यात्रा कर लौट रही बस रायसेन जिले के सिलवानी में राजमार्ग 44 गैरतगंज गाडरवारा के जमुनिया घाट के मोड़ पर पलट गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई। यहां देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। 

घटना की सूचना मिलते ही सिलवानी पुलिस और 108 की तीन एंबुलेंस मौके पर पहुंची। जिसके बाद यात्रियों का रेस्क्यू किया गया। बताया जा रहा है कि यह बस अंधे मोड़ पर दो पलटी खाकर तीसरी पलटी में पेड़ को तोड़ते हुए पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस पेड़ से न टकराती तो बड़ा हादसा हो सकता था। 

बताया जा रहा है कि इस बस में 40 यात्री सवार थे जिसमें से 37 को गंभीर चोटें आई है। दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से भाग गए। फिलहाल यात्रियों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मोड़ पर अक्सर ही वाहनों की दुर्घटनाएंं होती रहती हैं। बाबजूद इसके प्रशासन कोई हल नहीं निकाल पा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों की मांग पर सिर्फ सूचना बोर्ड लगा दिए हैं। ग्रामीण प्रशासन से कई बार घाट एवं मोड़ को कम करने की मांग कर चुके हैं।