जबलपुर में बस से टकराई जीप, महाकुंभ से लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत, 2 घायल
कलेक्टर ने सिहोरा एसडीएम को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। घायलों के परिजनों को पुलिस-प्रशासन की टीम ने दुर्घटना की जानकारी दे दी है।

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक बेकाबू तूफान जीप पेड़ को तोड़ते हुए रॉन्ग साइड पर चली गई। इसके बाद बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप में सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हैं। सभी लोग प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर कर्नाटक लौट रहे थे।
हादसा खितौला के पहरेवा बायपास पर सोमवार सुबह 4 बजे हुआ। घायलों को इलाज के लिए सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर दीपक सक्सेना, एसपी सम्पत उपाध्याय, एएसपी सूर्यकांत शर्मा मौके पर पहुंचे। फिर घायलों सिहोरा सिविल अस्पताल गए।
कलेक्टर ने सिहोरा एसडीएम को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। घायलों के परिजनों को पुलिस-प्रशासन की टीम ने दुर्घटना की जानकारी दे दी है। शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद जबलपुर जिला प्रशासन ने उन्हें कर्नाटक पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में घायल हुआ सदाशिव काफी डरा हुआ है। पुलिस को घायलों से बात करने में भाषा की समस्या आ रही है। दबी आवाज में सदाशिव ने बताया कि सभी लोग आसपास के गांव के रहने वाले हैं। किराए की टैक्सी लेकर शुक्रवार रात कर्नाटक के बेलगाम से रवाना हुए थे। रविवार को प्रयागराज कुंभ में स्नान के बाद रात को वापस लौट रहे थे। सदाशिव का कहना था कि वह सबसे पीछे बैठा हुआ था। एक तेज धमाका हुआ, उसके बाद कुछ भी याद नहीं।