इंदौर में देर रात फार्म हाउस से चली गोली, पानी भर रहे बुजुर्ग की मौत, जांच में जुटी पुलिस

तेजाजी नगर के उमरीखेड़ा में स्थित विवेक सिंघल के फार्म हाउस पर शनिवार शाम हुई फायरिंग के दौरान 150 मीटर दूरी पर रहने वाले मदनलाल यादव की गोली लगने से मौत हो गई।

Updated: Apr 07, 2025, 02:02 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार और रविवार को कई पार्टियां फार्म हाउस से लेकर पब बार में आयोजित की जाती है। इस दौरान वारदातों से जुड़ी हुई कई घटनाएं सामने आती है। शनिवार देर रात एक ऐसा ही मामला सामने आया, जिसमें फार्म हाउस से गोली चलने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई।

तेजाजी नगर के उमरीखेड़ा में स्थित विवेक सिंघल के फार्म हाउस पर शनिवार शाम हुई फायरिंग के दौरान 150 मीटर दूरी पर रहने वाले मदनलाल यादव की गोली लगने से मौत हो गई। मदनलाल की पत्नी लीला बाई ने बताया कि पति दूध की केन में पानी भर रहे थे। नजदीक ही फार्म हाउस है। वहां से आवाजें आ रही थी। मुझे लगा कि पटाखे फूट रहे हैं, लेकिन जब पति पर नजर पड़ी तो वे जमीन पर गिरे पड़े थे। उनके कपड़े खून से लथपथ थे। तब पता चला कि गोली लगी है।

यह भी पढ़ें: MP: पानी की किल्लत के चलते पति को छोड़कर चली गई पत्नी, शख्स ने कलेक्टर से लगाई मदद की गुहार

मदनलाल यादव की मौत के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी लीला यादव की शिकायत पर फार्म हाउस के मालिक विवेक सिंघल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। इस मामले में परिवार का आरोप है कि पुलिस सिर्फ पैसे वालों की सुन रही है। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

पुलिस ने राजकुमार जो विवेक के फार्म हाउस की देखभाल करता है। उसे रात में ही हिरासत में लिया, लेकिन गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। बेटे मनोज ने बताया कि, जिस जगह पर उसके पिता को गोली लगी। वह हर दिन यही बोरिंग से पानी भरते थे।

मदनलाल के बेटे मनोज यादव ने बताया कि विवेक के पास लाइसेंसी गन थी। वह जब भी फार्म हाउस पर आता, तो पार्टी के दौरान कई बार फायरिंग करता था। लोगों ने कभी उसे रोका नहीं। पिता को गोली तब लगी, जब वे घर पर नहीं थे। जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक उनके पिता की मौत हो चुकी थी। मनोज के मुताबिक, उनके पिता मवेशी पालन के साथ-साथ मजदूरी का काम भी करते थे।