MP में अब चीता मोबाइल कहलाएंगे चार्ली, फिर बदला गया बाइक पेट्रोलिंग ट्रूप का नाम

कूनो नेशनल पार्क में आ रहे चीतों की तरह मध्य प्रदेश पुलिस की बाइक भी रफ्तार भरते हुए दिखाई देगी, राज्य सरकार ने अब पुलिस पेट्रोलिंग ट्रूप का नाम चीता मोबाइल करने का फैसला लिया है।

Updated: Sep 16, 2022, 08:46 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश स्थित कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से आ रहे चीतों की तरह ही अब प्रदेश पुलिस की बाइक भी रफ्तार भरते हुए दिखाई देगी। राज्य सरकार ने बाइक पेट्रोलिंग ट्रूप का नाम "चीता मोबाइल" कर दिया है। यानी अब चार्ली वाहन चीता मोबाइल के नाम से जाने जाएंगे। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसका ऐलान किया है।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के मुताबिक पुलिस के पास टू व्हीलर की जो पेट्रोलिंग वाहन उनमें एकरूपता लाते हुए अब यह सभी वाहन चीता वाहन कहलाएंगे।पेट्रोलिंग अब पूरे प्रदेश में चीता वाहन ही करेंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब कार्यक्रम स्थल पर होंगे उस वक्त यह चीता वाहन सायरन बजाते हुए अपने गश्त की शुरुआत करेंगे। गृह मंत्री ने कहा कि चीता नाम इसलिए दिया गया है, ताकि पुलिस चीते की रफ्तार से काम करें।

बता दें कि एमपी में थाना स्तर पर अभी चार्ली वाहन ही तैनात होते हैं, जो इलाके में पेट्रोलिंग और निगरानी का काम करते हैं। एक चार्ली वाहन पर दो सिपाही मौजूद होते हैं जो लगातार क्षेत्र में निगरानी करते हैं और इसकी रिपोर्ट थाने को करते हैं। इससे पहले चार्ली का नाम चीता ही हुआ करता था। बाद में इसे बदलकर चार्ली कर दिया गया था। चार्ली वाहन के तौर पर पुलिसकर्मियों को पहले स्प्लेंडर बाइक दी गई थी, लेकिन शहरों में आए दिन होने वाली लूट और दूसरी वारदातों में बदमाशों का पीछा करने में जब पुलिस पिछड़ने लगी और तो 100CC बाइक के स्थान पर पुलिस जवानों को 150CC की बाइक दी गई।